अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। इस हफ्ते देशभर के विभिन्न सरकारी विभागों ने 18,000 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किए हैं। इनमें रेलवे, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग समेत कई बड़ी भर्तियां शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
1. असम में प्राइमरी स्कूल शिक्षकों के 10,673 पद
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय (DEE) असम ने लोअर और अपर प्राइमरी स्कूलों में कुल 10,673 शिक्षकों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। आवेदन प्रक्रिया 8 नवंबर से शुरू होगी। चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 14,000 से 70,000 रुपये तक वेतन के साथ अन्य भत्ते भी मिलेंगे। उम्मीदवार को राज्य पूल या संविदा शिक्षक होना चाहिए और न्यूनतम तीन वर्ष का कार्यानुभव जरूरी है।
2. रेलवे में जूनियर इंजीनियर के 2,569 पद
रेलवे ने जूनियर इंजीनियर (JE), डीएमएस और सीएमए के कुल 2,569 पदों पर भर्ती निकाली है। इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा धारक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1 और CBT-2), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2025 है।
3. तमिलनाडु में स्वास्थ्य निरीक्षक ग्रेड-II के 1,429 पद
चिकित्सा सेवा भर्ती बोर्ड (MRB) तमिलनाडु ने हेल्थ इंस्पेक्टर ग्रेड-II के 1,429 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। उम्मीदवार 16 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदक के पास 1 या 2 वर्ष का मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर या हेल्थ इंस्पेक्टर कोर्स का प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 19,500 से 71,900 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
4. रेलवे में 3,058 पदों पर भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड ने 12वीं पास उम्मीदवारों के लिए 3,058 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर 2025 तय की गई है। चयन प्रक्रिया में CBT-1, CBT-2, स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को 19,900 से 21,700 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
5. कोचीन शिपयार्ड में 308 अप्रेंटिस पद
कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने 308 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है। 10वीं पास और आईटीआई प्रमाणपत्र धारक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान 11,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2025 है।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा अवसर है। इच्छुक उम्मीदवार संबंधित विभागों की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

