अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Varanasi : देव दीपावली का महा-उत्सव इस बार वाराणसी की होटल और पर्यटन इंडस्ट्री के लिए वरदान साबित हुआ है। शहर में होटल बुकिंग्स पूरी तरह फुल हो चुकी हैं। आम दिनों में ₹30 से ₹40 हजार प्रति रात के मिलने वाले कमरे अब ₹1 लाख तक में बुक हो रहे हैं, जबकि गंगा-व्यू वाले लग्जरी रूम्स की कीमत ₹1.5 लाख पार कर चुकी है।
लाखों में बिक रहे देव दीपावली पैकेज
वाराणसी के कई होटल संचालकों ने दो से तीन दिन के विशेष पैकेज लॉन्च किए हैं, जिनकी कीमत ₹2 लाख तक रखी गई है। इन पैकेजों की 90% से अधिक बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। देव दीपावली के बाद भी कुछ होटल ₹60,000 प्रति रात तक के रेट पर बुक हो रहे हैं।

होटल इंडस्ट्री में बूम — बुकिंग्स का रिकॉर्ड टूटा
वाराणसी टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के मुताबिक, “इस बार देव दीपावली पर पर्यटकों की संख्या अप्रत्याशित रही। फाइव-स्टार होटल से लेकर गंगा किनारे के होटलों तक, सभी के रेट तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं।”
ताज गंगेज, ब्रिजरामा पैलेस और नदेसरी कोठी जैसे प्रीमियम होटलों में लाखों रुपए में कमरे बुक हो रहे हैं।
थ्री-स्टार होटल और होमस्टे भी हाउसफुल
जहां आम दिनों में थ्री-स्टार होटल ₹2,000 से ₹15,000 में मिल जाते थे, वहीं अब वही कमरे ₹10,000 से ₹40,000 प्रति रात में बुक किए जा रहे हैं।
गंगा क्रूज़ राइड्स के रेट्स भी आसमान पर
होटलों के साथ-साथ गंगा क्रूज़ की मांग भी तेज़ है। आम दिनों में ₹1,000 की अलकनंदा क्रूज़ राइड अब ₹15,000 तक पहुंच गई है। इसके बावजूद, पर्यटक देव दीपावली की दिव्यता का अनुभव करने के लिए किसी भी कीमत पर टिकट बुक कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : UPPSC Vacancy 2025: आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक, जानें डिटेल्स

