अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने कहा है कि महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। रविवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इन विधेयकों से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था अधिक समावेशी और मजबूत होगी तथा राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। गीता कोड़ा ने झारखंड के सभी 14 लोकसभा और छह राज्यसभा सांसदों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर संसद में इन दोनों विधेयकों का समर्थन करें और इन्हें पारित कराने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं।
नारी सशक्तीकरण और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी पर जोर
गीता कोड़ा ने कहा कि महिला आरक्षण के प्रति भाजपा और एनडीए की प्रतिबद्धता पूरी तरह स्पष्ट है। नारी शक्ति वंदन संशोधन आज के समय की मांग है और यह देश की महिलाओं के अधिकारों, आकांक्षाओं व भविष्य से जुड़ा बेहद अहम विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी बनाने के बजाय विकास और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदार बनाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति और इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि वैदिक काल की विदुषी गार्गी और मैत्रेयी से लेकर रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई और अहिल्याबाई होल्कर तक देश महिलाओं के अदम्य साहस और नेतृत्व का साक्षी रहा है। महिला सशक्तीकरण का असली अर्थ महिलाओं को केवल सुविधाएं देना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व का अवसर देना है। वर्ष 2023 में पारित 106वां संविधान संशोधन विधायी संस्थाओं में महिलाओं को एक तिहाई प्रतिनिधित्व देने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण राजनीति में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार है, न कि किसी दूसरे वर्ग के अधिकारों में कटौती।
परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, पुराने फैसलों पर मांगा जवाब
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को परिसीमन और आदिवासी सीटों के सवाल पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। वर्ष 2007 के परिसीमन का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार झारखंड की सात विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट को आदिवासी आरक्षित श्रेणी से कम करने की दिशा में काम कर रही थी। राज्य में इसके खिलाफ हुए व्यापक विरोध के बाद झारखंड में परिसीमन की प्रक्रिया को वर्ष 2026 तक के लिए रोक दिया गया था।
कोड़ा ने कांग्रेस से अपने पुराने फैसलों और आदिवासी हितों के प्रति उसके रवैये पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण दोनों ही देश के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़े मुद्दे हैं, जिनका उद्देश्य राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करना है। ऐसे विषयों पर राजनीतिक विरोध से ऊपर उठकर राष्ट्रहित और राज्य के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
संसद में ध्वनिमत से विधेयक पारित होने का जताया विश्वास
भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े दोनों विधेयक लोकसभा और राज्यसभा में ध्वनिमत से पारित होंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की बड़ी भूमिका होगी। इस संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी मौजूद रहीं।
इसे भी पढ़ें : 4 बच्चों समेत 13 की मौ’त पर सीएम हेमंत ने जताया शोक, बोले- हादसा हृदयविदारक








