अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार शाम समाप्त हो गया। अब सभी की निगाहें 6 नवंबर पर टिकी हैं, जब राज्य की 121 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव आयोग ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
एनडीए बनाम महागठबंधन, तीसरा मोर्चा बना दिलचस्पी का केंद्र
इस चरण में मुकाबला मुख्य रूप से एनडीए और महागठबंधन के बीच है, लेकिन प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ ने मैदान को त्रिकोणीय बना दिया है। प्रचार थमने से पहले सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। एनडीए में भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। वहीं, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वीआईपी, भाकपा, भाकपा-माले और माकपा साथ हैं।
1,314 उम्मीदवार मैदान में, 122 महिलाएं भी किस्मत आजमाने को तैयार
पहले चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं। यह चरण कई हाई-प्रोफाइल सीटों को लेकर खासा चर्चा में है।
राघोपुर, महुआ और तारापुर बनीं हॉट सीटें
राघोपुर से राजद के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव का मुकाबला भाजपा के सतीश कुमार यादव से है। वहीं, तारापुर में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (भाजपा) और राजद के अरुण कुमार के बीच कांटे की टक्कर है।
महुआ सीट पर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और जदयू के मुकेश कुमार रौशन आमने-सामने हैं।
फिल्मी स्टार्स भी मैदान में, जनता की नजरें खेसारी और मैथिली पर
छपरा से भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव और अलीनगर से मैथिली ठाकुर चुनावी चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। पहले चरण में तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, तेज प्रताप यादव, विजय कुमार सिन्हा, उमेश कुशवाहा, खेसारी लाल यादव और मैथिली ठाकुर जैसे दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी।
इसे भी पढ़ें : नहीं रहे दिग्गज उद्योगपति गोपीचंद हिंदुजा, लंदन में ली आखिरी हिचकी

