अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो इलाके में गुरुवार को एक बेकाबू सांड ने एक और जान ले ली। बेहोश सांड होश में आते ही बौराया और शंकोसाई के गौड़ बस्ती में 61 वर्षीय माला सरकार पर हमला कर दिया। महिला को गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बुधवार को दहशत मचाने के बाद किया गया था ट्रैंक्यूलाइज
बुधवार को इसी सांड ने 15 से अधिक लोगों को घायल कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। शाम को टाटा जूलॉजिकल पार्क की टीम ने सांड को ट्रैंक्यूलाइज कर बेहोश किया था। लेकिन अंधेरा होने के कारण टीम उसे सुरक्षित स्थान पर नहीं ले जा सकी और सांड रातभर वहीं पड़ा रहा।
सुबह होश आते ही फिर बौराया
गुरुवार सुबह होश आने के बाद सांड और भी हिंसक हो गया। दौड़ते हुए वह गौड़ बस्ती की ओर गया और सड़क किनारे खड़ी माला सरकार पर हमला कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। इस हमले में महिला की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
लोगों ने जताया आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। लोगों का कहना है कि अगर बुधवार रात ही सांड को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया होता, तो यह घटना नहीं होती।
टीम ने दोबारा पकड़ा सांड
सूचना मिलने पर पुलिस और टाटा जू की टीम फिर मौके पर पहुंची। टीम ने सांड को दोबारा ट्रैंक्यूलाइज कर पकड़ा और जू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इलाके में दहशत का माहौल
बुधवार को घायल हुए लोगों का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है, जबकि एक गंभीर व्यक्ति टीएमएच में भर्ती है। दो दिनों से लगातार सांड के हमले से मानगो और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अब घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
लोगों की मांग – आवारा पशुओं पर नियंत्रण
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और पशु विभाग से शहर में आवारा पशुओं की सख्त निगरानी और नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
इसे भी पढ़ें : प्रधान सहायक को घर से उठा ले गयी ACB… जानें क्यों

