अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना सहित पूरे बिहार में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। नवंबर के तीसरे सप्ताह के अंत तक मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और रात में ठंड लगातार बढ़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 2 दिनों में तापमान में और गिरावट आएगी। 24 नवंबर से ठंड का असर पूरे राज्य में अधिक महसूस होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 3-4 दिनों में दिन का तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन रात का पारा तेजी से नीचे जाएगा। अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है।
शुक्रवार को राज्य में सबसे कम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस औरंगाबाद में रिकॉर्ड किया गया, जबकि मोतिहारी में 31.6 डिग्री के साथ सबसे अधिक तापमान रहा। पटना में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री रहा। बेतिया में शनिवार की सुबह हल्का कोहरा छाया, जबकि पूर्णिया में दृश्यता 800 मीटर तक दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद शुष्क और ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे ठंड और बढ़ रही है।
आने वाले दिनों में सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन घने कोहरे की संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी बनी रहेगी, जबकि रात और सुबह ठंड ज्यादा महसूस होगी। कई जिलों में तापमान 10 से 12 डिग्री तक भी गिर सकता है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक ठंड अपने सामान्य स्तर पर आने की संभावना है।
राजधानी पटना में भी ठंड का असर बढ़ेगा। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। दिन में तापमान लगभग 28 डिग्री रहेगा, लेकिन सुबह और रात में ठिठुरन अधिक होगी। 24 नवंबर के बाद पटना में हल्का कोहरा शुरू होगा और रात में हवा तेज चलेगी।



