अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड विधानसभा का 25वां स्थापना दिवस आज बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर विधानसभा भवन में रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक सरयू राय समेत कई विधायक और मंत्री शामिल हुए।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, उसके बाद स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा को 2025 का उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसे राज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्पीकर ने संयुक्त रूप से प्रदान किया।
साथ ही उत्कृष्ट विधानसभाकर्मियों के रूप में संतोष कुमार, नीलम कुजूर, राकेश कुमार सिंह, मन्नू राम, रबीन्द्र पाल और मो. शाहिद हैदर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान षष्ठम विधानसभा के सदस्यों के जीवन परिचय की पुस्तक और झारखंड की 25 वर्षों की संसदीय गाथा पर आधारित सदन संवाद का लोकार्पण भी किया गया।
समारोह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और विधायक राज सिन्हा ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। झारखंड विधानसभा का यह रजत जयंती समारोह 25 वर्षों की लोकतांत्रिक यात्रा और विधानसभा की उपलब्धियों को याद करने का अवसर साबित हुआ।



