अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में सर्दी ने तेजी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में राज्य के विभिन्न इलाकों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, धनबाद, पलामू, गढ़वा और लातेहार में ठंड का प्रभाव सबसे ज्यादा महसूस किया जाएगा।
25 से 29 नवंबर के बीच सुबह घना कोहरा या धुंध छाई रहने की संभावना है। फिलहाल जहां अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम 10–12°C के आसपास है, वहीं 27 नवंबर को न्यूनतम तापमान 9°C तक गिर सकता है। रांची में भी इन दिनों ठिठुरन बढ़ेगी और सुबह कोहरा एवं बादल छाए रहेंगे। राजधानी में तापमान 23–24°C अधिकतम और 9–12°C न्यूनतम रहने का अनुमान है। 30 नवंबर और 1 दिसंबर को ठंड और तेज हो सकती है।
उत्तरी छोटानागपुर और मध्य झारखंड के जिलों में तापमान में भारी गिरावट की संभावना है। चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में पारा 8–9°C तक पहुंच सकता है। वहीं रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ और गुमला में रातें और ज्यादा ठंडी होंगी, जहां न्यूनतम तापमान 9–12°C रहेगा। उत्तर-पूर्वी झारखंड का गोड्डा जिला तापमान के लिहाज से अपेक्षाकृत गर्म रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 28–30°C तक जा सकता है। धनबाद, देवघर और दुमका में न्यूनतम तापमान 12–14°C के आसपास बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने, बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और बच्चों व बुजुर्गों को विशेष सुरक्षा देने की सलाह दी है।

