अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के डीसी मनीष कुमार के आदेश पर सोमवार को शहर में दवा दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कई टीमें अलग-अलग जगह औचक निरीक्षण करने पहुंची। सिविल एसडीओ साइमन मरांडी के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने कई मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। टीम ने देखा कि कहीं एक्सपायरी दवाएं तो नहीं रखी गई हैं। स्टॉक की बारीकी से जांच की गई।
होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों में सफाई की पड़ताल
संयुक्त टीम ने होटलों, रेस्टोरेंटों और मिठाई दुकानों में सफाई व्यवस्था को परखा। ठंड और त्योहारों के मौसम को देखते हुए विशेष रूप से मिठाई की गुणवत्ता जांची गई। कई दुकानों से मिठाई के सैंपल लिए गए ताकि खराब या बासी मिठाई की बिक्री रोकी जा सके।
लाइसेंस और प्लास्टिक पर नगर परिषद की सख्ती
नगर परिषद की टीम ने दुकानों में ट्रेड लाइसेंस की जांच की। जिन दुकानदारों के पास लाइसेंस नहीं मिला, उन पर ₹5000 का जुर्माना लगाया गया। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को लेकर भी निरीक्षण किया गया।
चौक-चौराहों के सीसीटीवी कैमरों की जांच
सिविल एसडीओ और नगर थाना प्रभारी ने शहर के कई चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। संचालकों से उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाने को भी कहा गया।
एसडीओ ने बताया क्यों की गई कार्रवाई
सिविल एसडीओ साइमन मरांडी ने कहा कि ठंड के मौसम और आने वाले त्योहारों में भोजन की मांग बढ़ जाती है। इसलिए डीसी ने साफ-सफाई, खाद्य गुणवत्ता और दवा दुकानों की जांच का निर्देश दिया था। उन्होंने सभी संचालकों से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इसे भी पढ़ें : प्रोजेक्ट प्रयास : पाकुड़ के युवाओं के सपनों को नई दिशा



