अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lohardaga : लाेहरदगा में किस्को प्रखंड के मेरले गांव में भाजपा की ओर से आयोजित चौपाल कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करने के लिए स्वदेशी अपनाना जरूरी है।
स्वदेशी अपनाने और विकसित भारत की अपील
बाबूलाल ने रामायण के उदाहरण के माध्यम से बताया कि हर वर्ग के लोगों का योगदान आवश्यक है। उन्होंने लोगों से कहा कि विदेशी वस्तुओं का त्याग करके भारत में बने उत्पादों को खरीदें। ऐसा करने से रोजगार बढ़ेगा और देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
राज्य सरकार पर गंभीर आरोप
बाबूलाल ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अपराध, चोरी, लूट और अपहरण बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधी पकड़ने की बजाय बालू और कोयला की अवैध गतिविधियों में लगी हुई है। अफसरों में सरकार का कोई डर नहीं है और भ्रष्टाचार के कारण रोजगार के अवसर सीमित हैं।
किसानों और युवाओं की समस्याओं पर चिंता
उन्होंने कहा कि उत्पाद विभाग की दौड़ में कई युवाओं की मौत हुई थी, जिसका मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। धान की खरीद में किसानों को नुकसान हो रहा है और फसल बर्बाद होने का मुआवजा अभी तक नहीं मिला।
आदिवासी और आबादी पर चिंता
बाबूलाल ने झारखंड में आदिवासी और हिन्दू आबादी में गिरावट की ओर ध्यान आकर्षित किया और कहा कि कुछ बाहरी समूहों को वोट देने का अधिकार मिल गया है, जिसे रोकने के लिए विशेष जांच (SIR) की जा रही है। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग उपस्थित थे। बाबूलाल ने सभी से स्वदेशी अपनाने और देश के विकास में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : PMO और राजभवन सहित कई सरकारी भवनों के नाम बदले… जानें क्यों

