अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को झारखंड हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। निचली अदालत में सशरीर उपस्थिति से छूट मिल गई है। अब उन्हें केवल 6 दिसंबर को ट्रायल के दौरान कोर्ट में पेश होना होगा। इसके बाद उनकी उपस्थिति जरूरी नहीं रहेगी। यह मामला ईडी समन की अवहेलना से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान उनके वकील दीपंकर रॉय ने अदालत में पक्ष रखा।
दिल्ली से लौटे सीएम, पत्नी कल्पना भी लौटीं साथ
सीएम हेमंत सोरेन बुधवार शाम को पत्नी कल्पना सोरेन के साथ छह दिन बाद रांची लौटे। 28 नवंबर को वे दिल्ली गए थे। उनके लौटने से पहले खबरें चलीं कि उन्होंने दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से गुप्त मुलाकात की है। इस पर चर्चा तेज हो गई कि क्या वे इंडिया गठबंधन छोड़कर एनडीए में जा सकते हैं। हालांकि झारखंड के बीजेपी और जेएमएम नेताओं ने इसे तुरंत नकार दिया था।
कांग्रेस ने कहा- अफवाह फैलाना गलत
सीएम के लौटने के बाद कांग्रेस विधायक और मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि अब अटकलबाजी खत्म होनी चाहिए। उनका कहना है कि यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की ओर से महागठबंधन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन जनता के हित के लिए जेल तक जा सकते हैं, इसलिए वे किसी भी साजिश का हिस्सा नहीं बनेंगे। कांग्रेस ने दावा किया कि सरकार मजबूत है और आगे भी चलेगी।
इसे भी पढ़ें : सीजीएल फैसले के बाद भाजपा पर झामुमो का बड़ा हमला, विनोद पांडेय क्या बोले… जानें



