अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर दिखा दिया कि वह आधुनिक क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद और खतरनाक बल्लेबाज क्यों माने जाते हैं। कप्तानी छोड़ने के बाद उनकी बल्लेबाजी में आई निर्भीकता और निरंतरता ने उनके करियर को नए शिखर पर पहुंचा दिया है।
रायपुर वनडे में जड़ा धमाकेदार शतक
रायपुर वनडे में कोहली ने सिर्फ 90 गेंदों में अपना 53वां वनडे और 84वां अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। वह 93 गेंदों पर 102 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। इस मैच में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ 195 रन की शानदार साझेदारी की। यह प्रदर्शन इस बात का साफ संकेत है कि विराट अभी भी अपने ‘पीक मोड’ में हैं।
कप्तानी छोड़ने के बाद और भी खतरनाक
वनडे कप्तानी छोड़ने के बाद कोहली के आंकड़े हैरान करने वाले हैं। उन्होंने 53 मैचों में 50 पारियों के दौरान 2323 रन बनाए, औसत रहा 54.02 और स्ट्राइक रेट 95 से ज्यादा। इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 13 अर्धशतक जड़े—यानी हर दूसरी पारी में 50+ स्कोर।
सचिन के रिकॉर्ड के और करीब पहुंचे
कप्तानी हटने के बाद विराट ने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस अवधि में भारत के लिए सिर्फ शुभमन गिल ने उनसे ज्यादा रन बनाए हैं, लेकिन शतक लगाने में कोहली नंबर 1 हैं।
2023 विश्व कप के बाद और भी शानदार फॉर्म
विश्व कप 2023 में सर्वाधिक रन बनाने के बाद विराट ने लगातार बेहतरीन खेल दिखाया है। उनकी फिटनेस, मानसिक मजबूती और खेल के प्रति जुनून आज भी उन्हें दुनिया का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनाता है। अगर यही लय जारी रही, तो विराट आने वाले वर्षों में कई और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : रांची में दिव्यांग बच्चों का हौसला चमका, उम्मीद से रोशन हुआ पूरा दिन



