अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Kanpur : करीब 1500 करोड़ की ठगी के मुख्य आरोपी रविंद्रनाथ सोनी की जांच अब और सख्त हो गई है। कई पीड़ितों ने यह आरोप लगाया है कि रेसलर द ग्रेट खली और अभिनेता सोनू सूद ने भी उसकी कंपनी का प्रमोशन किया, जिसके आधार पर लोगों ने पैसे निवेश किए। इस मामले में पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए कानूनी नोटिस भेज दिया है।
700 से ज्यादा लोग बने शिकार
कानपुर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार अब तक 700 से अधिक लोग इस ठगी का शिकार हो चुके हैं। इनमें से 15 लोग खुद शहर आकर शिकायत दे चुके हैं, जबकि कई ने ई-मेल के जरिए अपनी शिकायत भेजी है। कुछ पीड़ित यह जानने के लिए आए कि आरोपी वाकई गिरफ्तार हुआ है या नहीं।
विदेशों तक फैला नेटवर्क
पीड़ितों में 90 प्रतिशत भारतीय हैं, जबकि बाकी नेपाल, वियतनाम, चीन, जापान, अमेरिका और फ्रांस के हैं। कई जापानी कंपनियों ने उसकी ब्लूचिप कंपनी में निवेश किया था। विदेशियों को प्रभावित करने के लिए वह अक्सर बड़े होटलों में पार्टियां करता था और दुबई में बुर्ज खलीफा के पास कार्यालय चलाता था।
दुबई पुलिस को चकमा देकर भागा था आरोपी
कानपुर पुलिस की पूछताछ में पता चला कि दुबई में शिकायत होने के बाद स्थानीय पुलिस को लगा कि आरोपी देश छोड़कर नहीं जा सकेगा। लेकिन वह रेगिस्तान के रास्ते चोरी छिपे ओमान पहुंचा और वहां से फ्लाइट लेकर भारत आ गया। दुबई पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
16 कंपनियों के सहारे करता था ठगी
जांच में सामने आया है कि रविंद्रनाथ ने पिछले सात साल में 16 कंपनियां बनाई थीं। इनमें ब्लूचिप कमर्शियल ब्रोकर्स, ब्लूचिप फ्री होल्ड रियल एस्टेट ब्रोकर्स, वॉल स्ट्रीट इन्वेस्टमेंट LLC जैसी कंपनियां शामिल हैं। वह रियल एस्टेट से लेकर गोल्ड माइनिंग तक कई तरह के कारोबार का झांसा देकर निवेश कराता था।
सहयोगियों की तलाश
उसका साथी सुरेंद्रनाथ दास इंटरनेशनल वारंट में वांछित है और कई देशों की पुलिस उसे तलाश रही है। इसके अलावा केरल निवासी जार्ज को आरोपी का करीबी सलाहकार माना जा रहा है। पुलिस को शक है कि वह ठगी से जुड़े कई पासवर्ड और गोपनीय जानकारी जानता है।
अब SIT करेगी जांच
बढ़ते मामले को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने SIT बना दी है। एडीसीपी क्राइम अंजली विश्वकर्मा इसके नेतृत्व में काम करेंगी। टीम आरोपी, उसके परिवार, प्रमोटरों के बैंक खातों और क्रिप्टो लेनदेन की जांच करेगी।
बार गर्ल से की थी दूसरी शादी
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहली पत्नी स्वाति को छोड़कर बार गर्ल हिमानी से दूसरी शादी की थी। बेटी के जन्म पर उसने दुबई के एक बड़े होटल में पार्टी भी दी, जिसमें उसकी पहली पत्नी भी शामिल हुई थी। हालांकि दस्तावेजों में वह पहली पत्नी से अलग दिखाया गया है, लेकिन उसकी संपत्तियों और खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : BHU में 55 टीचिंग पदों पर वैकेंसी, सैलरी 78,800 रुपये तक

