अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षक अभ्यर्थियों को बड़ी खुशखबरी दी है। लंबे समय से TRE-4 भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए सरकार ने बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि शिक्षा विभाग ने TRE-4 के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। मुख्यमंत्री ने इसे बिहार के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
सीएम बोले, शिक्षा और रोजगार दोनों को मिलेगी मजबूती
अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार ऐसी नीतियों पर काम कर रही है, जिससे युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले और स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
किस कक्षा में कितने शिक्षकों की होगी नियुक्ति
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार विभिन्न वर्गों में शिक्षकों के पद इस प्रकार हैं।
| कक्षा | पदों की संख्या |
|---|---|
| कक्षा 1 से 5 | 3,847 |
| कक्षा 6 से 8 | 8,563 |
| कक्षा 9 से 10 | 3,877 |
| कक्षा 11 से 12 | 16,101 |
| कुल पद | 32,388 |
अभ्यर्थियों के लंबे इंतजार के बाद आई राहत
TRE-4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। वे लगातार सरकार से नई शिक्षक बहाली का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे थे। इसी बीच कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने TRE-4 को लेकर एक हाई लेवल बैठक भी बुलाई थी।बैठक में भर्ती प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा हुई थी। इसके बाद ही संकेत मिल गए थे कि जल्द ही बहाली की प्रक्रिया शुरू होगी। अब शिक्षा विभाग की ओर से अधियाचना BPSC को भेजे जाने के बाद भर्ती का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
अब BPSC की अगली कार्रवाई पर नजर
अधियाचना मिलने के बाद अब सभी की नजर बिहार लोक सेवा आयोग पर है। उम्मीद की जा रही है कि आयोग जल्द ही TRE-4 भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी करेगा। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और परीक्षा का कार्यक्रम भी घोषित किया जाएगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से हजारों शिक्षक अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है। लंबे इंतजार के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने से अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है और अब उन्हें आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार है।

