अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जानलेवा कफ सीरप की अवैध खरीद-बिक्री को लेकर शुक्रवार सुबह बड़े पैमाने पर छापेमारी शुरू की। झारखंड, उत्तर प्रदेश और गुजरात में लगभग सात बजे से कार्रवाई जारी है। इस दौरान रांची का चर्चित व्यवसायिक प्रतिष्ठान शैली ट्रेडर्स भी जांच के दायरे में है, जो झारखंड में इस खतरनाक कफ सीरप के बड़े कारोबार के लिए जाना जाता है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमें लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर, सहारनपुर, अहमदाबाद और रांची में एक साथ रेड कर रही हैं। इस कार्रवाई में उन व्यापारियों को भी निशाने पर लिया गया है, जो इस जानलेवा कफ सीरप की सप्लाई चेन से जुड़े हैं। इसके अलावा सीए विष्णु अग्रवाल को भी जांच में शामिल किया गया है।
रांची में ईडी ने व्यापारी शुभम जयसवाल के तुपुदाना स्थित गोदाम और उनके आवास पर तलाशी ली। जांच अधिकारियों के अनुसार, शैली ट्रेडर्स के माध्यम से इस अवैध कफ सीरप का सालाना कारोबार 5 करोड़ रुपये से अधिक का है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ईडी की यह कार्रवाई अवैध दवा कारोबार को तोड़ने और जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम है। अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।



