अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार अब ‘फुल एक्शन मोड’ में नजर आ रही है। मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की अहम बैठक में कुल 34 प्रस्तावों पर मुहर लगाकर सरकार ने अपने इरादे बिल्कुल साफ कर दिए हैं। एक तरफ राज्य में विकास की रफ्तार को बुलेट ट्रेन जैसी गति देना, तो दूसरी तरफ काम में कोताही बरतने वाले लापरवाहों पर सीधा प्रहार करना। बैठक में जहां पटना के सवा दो लाख घरों तक गंगाजल पहुंचाने के लिए करीब 1,800 करोड़ रुपये की मेगा योजना और तीन जिलों में औद्योगिक जाल बिछाने के लिए लगभग 1,300 एकड़ जमीन अधिग्रहण को मंजूरी मिली है, वहीं दूसरी ओर सालों से ड्यूटी से नदारद रहने वाले 11 सरकारी डॉक्टरों को एक झटके में सेवा से बर्खास्त कर कड़ा संदेश दिया गया है। सम्राट कैबिनेट के इन फैसलों ने साफ कर दिया है कि बिहार में अब न तो विकास के पहिये थमेंगे और न ही सुशासन की आड़ में कोई लापरवाही बख्शी जाएगी।।
बिहार कैबिनेट की बैठक में पारित सभी 34 प्रस्ताव…
प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारियों के 17 नए पद : विभाग के अंतर्गत बिहार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण पदाधिकारी संवर्ग में 17 प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों के नए पदों के सृजन और उन पर होने वाले आवर्ती व्यय (Recurring Expenditure) की स्वीकृति दी गई है।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना का विस्तार : भारत सरकार द्वारा इस योजना की अवधि 1 अक्टूबर, 2026 से 31 मार्च, 2027 तक बढ़ाए जाने के बाद, बिहार में इसके संचालन के लिए ₹164.51 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत राज्य में उत्पादित वस्तुओं के मूल्य संवर्द्धन और नई तकनीक लगाने हेतु व्यक्तिगत उद्यमियों को 35% की दर से अधिकतम ₹10 लाख और समूहों को 35% पूंजीगत अनुदान मिलेगा। साथ ही प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
नालंदा में औद्योगिक क्षेत्र विस्तार हेतु भूमि अधिग्रहण : नालंदा जिले के इस्लामपुर अंचल अंतर्गत मौजा-ब्रहगांवा (थाना नं.-72) में 564.37 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए ₹382.23 करोड़ की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी गई है। यह अधिग्रहण आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार (बियाडा), पटना के माध्यम से होगा।
समस्तीपुर में औद्योगिक क्षेत्र विस्तार हेतु भूमि अधिग्रहण : समस्तीपुर जिले के खानपुर अंचल अंतर्गत तीन मौजों सिवैसिंगपुर (144 एकड़), नत्थुद्वार (318 एकड़) और विशनपुर आभी (18 एकड़) की कुल 480 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए ₹261.91 करोड़ (₹2,61,91,98,318) की प्राक्कलित राशि को मंजूरी दी गई है।
शेखपुरा में औद्योगिक क्षेत्र विस्तार हेतु भूमि अधिग्रहण : पूर्व के एक संकल्प (दिनांक 26.08.2025) को रद्द करते हुए शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल अंतर्गत मौजा-हंसापुर (71 एकड़), अस्थावाँ (135 एकड़) और बेंगुचा (44 एकड़) की कुल 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए ₹62.37 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका, 2026 : राज्य में खेल गतिविधियों के विस्तार, खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अवसर देने और मान्यता प्राप्त राज्य खेल संघों को पारदर्शी तरीके से वित्तीय सहायता/अनुदान देने के लिए पात्रता, मानक और निगरानी व्यवस्था तय करने हेतु ‘राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका, 2026’ को स्वीकृति दी गई है।
बिहार खनिज नियमावली में संशोधन : अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ‘बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) (तृतीय संशोधन) नियमावली, 2026’ को स्वीकृति दी गई है।
औरंगाबाद, डिहरी एवं सासाराम पेयजल योजना की बढ़ी लागत को मंजूरी : सोन नदी के सतही जल का उपयोग कर इन शहरों में पेयजल उपलब्ध कराने की योजना की मूल प्रशासनिक स्वीकृति राशि ₹1,347.32 करोड़ से बढ़ाकर ₹2,014.65 करोड़ कर दी गई है। IIT रुड़की और IIT दिल्ली द्वारा किए गए तकनीकी परीक्षण और स्थल की जरूरतों के आधार पर डिजाइन में बदलाव से लागत बढ़ी है। 4 मार्च, 2027 तक पूरा होने वाले इस प्रोजेक्ट से वर्तमान में 8 लाख और 2051 तक 12 लाख आबादी को पानी मिलेगा। निर्माण के बाद 3 महीने का ट्रायल रन और 5 वर्षों तक संवेदक द्वारा रखरखाव किया जाएगा।
पटना जलापूर्ति परियोजना हेतु ₹1,794.32 करोड़ की मंजूरी : केंद्र प्रायोजित ‘अमृत 2.0’ के तहत पटना शहरी क्षेत्र के 75 वार्डों के 2,18,585 घरों में नल जल कनेक्शन देने के लिए ₹1,794.32 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इसके तहत गंगा नदी में दानापुर (परित्यक्त पीपा पुल के पास) और दीदारगंज (पिरदमरिया घाट के पास) में दो इंटेक वेल, दानापुर शहजादपुर में 355 MLD और सुकवारपुर में 350 MLD के दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP), 45 नई जलमीनारें, 13 अधूरी जलमीनारों को पूरा करने, 5 पुरानी जलमीनारों के उपयोग, लगभग 1,980.25 किमी वितरण नेटवर्क और 2 SCADA प्रणाली का निर्माण होगा।
ग्राम कचहरी के प्रशासनिक व्यय में 6 गुना वृद्धि : राज्य की प्रत्येक ग्राम कचहरी को प्रशासनिक खर्च के लिए प्रतिवर्ष मिलने वाली ₹4,000 की राशि को बढ़ाकर ₹24,000 प्रतिवर्ष करने की स्वीकृति दी गई है। यह बढ़ी हुई राशि 1 अप्रैल, 2027 से प्रभावी होगी।
पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मुख्यालय में 17 नए पद : विभागीय योजनाओं के बेहतर नियंत्रण के लिए मुख्यालय (निदेशालय सहित) में कनीय सचिवालय सहायक के 8 और वरीय सचिवालय सहायक के 9 अर्थात कुल 17 अतिरिक्त पदों के सृजन और उन पर संभावित वार्षिक व्यय ₹90,89,520 की स्वीकृति दी गई है।
लिपिकीय संवर्ग के लिए नई नियमावली, 2026 : विभाग के क्षेत्रीय कार्यालयों और अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालयों में लिपिकों की नियुक्ति, प्रोन्नति और सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए ‘बिहार पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, लिपिकीय संवर्ग (भर्ती, सेवाशर्त एवं अनुशासनिक कार्रवाई) नियमावली, 2026’ के गठन को स्वीकृति दी गई है।
सभी 38 जिलों में हाइब्रिड मोड में मुफ्त प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग : पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को UPSC, BPSC, SSC, बैंकिंग और रेलवे जैसी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराने के लिए पहले से ऑफलाइन चल रहे सभी 38 प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों को अब हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में चयनित कोचिंग संस्थानों के माध्यम से चलाया जाएगा। इस पर प्रतिवर्ष ₹31.97 करोड़ खर्च होंगे।
किशनगंज में एसएसबी वॉच टॉवर हेतु भूमि हस्तांतरण : किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में 11.884 डिसमिल गैरमजरूआ खास सरकारी भूमि पर 19वीं एवं 41वीं वाहिनी एसएसबी (SSB) के वॉच टॉवर निर्माण के लिए ₹4,38,063 के सशुल्क भुगतान पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार को स्थायी भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति दी गई है।
डॉ. अनामिका कुमारी की सेवा से बर्खास्तगी : सदर अस्पताल, सहरसा की सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनामिका कुमारी को 16 सितंबर, 2020 से लगातार अनधिकृत रूप से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और स्पष्टीकरण/प्रेस विज्ञप्ति का जवाब न देने के कारण सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है।
डॉ. राकेश कुमार निराला की सेवा से बर्खास्तगी : सदर अस्पताल, भागलपुर के विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी (ईएनटी) डॉ. राकेश कुमार निराला को 12 नवंबर, 2020 से लगातार बिना सूचना के अनुपस्थित रहने के आरोप में सरकारी सेवा से बर्खास्त किया गया है।
डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित की सेवा से बर्खास्तगी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा (सुपौल) के सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार सुमित को 15 सितंबर, 2020 से लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
डॉ. गोपीनाथ भगत की सेवा से बर्खास्तगी : सदर अस्पताल, भागलपुर के चिकित्सा पदाधिकारी (स्त्री रोग) डॉ. गोपीनाथ भगत को 20 नवंबर, 2021 से लगातार ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में सरकारी सेवा से बर्खास्त करने की मंजूरी दी गई है।
डॉ. अमित कुमार की सेवा से बर्खास्तगी : अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ममलखा, सबौर (भागलपुर) के सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार को 1 अक्टूबर, 2021 से लगातार अनधिकृत अनुपस्थिति के कारण सेवा से बर्खास्त किया गया है।
डॉ. रवि रंजन की सेवा से बर्खास्तगी : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मरौना (सुपौल) के चिकित्सा पदाधिकारी (दंत) डॉ. रवि रंजन को 27 सितंबर, 2019 से लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के आरोप में सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
डॉ. मो. शाहनवाज कौसर की सेवा से बर्खास्तगी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा (सुपौल) के चिकित्सा पदाधिकारी (शिशु रोग) डॉ. मो. शाहनवाज कौसर को 19 दिसंबर, 2021 से लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण सेवा से बर्खास्त किया गया है।
डॉ. सुमित कुमार की सेवा से बर्खास्तगी : अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सजौर, शाहकुंड (भागलपुर) के सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार को 25 नवंबर, 2021 से लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
डॉ. प्रसून विवाकर की सेवा से बर्खास्तगी : अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोलहट्टी, बौंसी (बांका) के सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रसून विवाकर को 5 फरवरी, 2018 से लगातार अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के कारण सेवा से बर्खास्त किया गया है।
डॉ. रेखा कुमारी की सेवा से बर्खास्तगी : सदर अस्पताल, मधेपुरा की चिकित्सा पदाधिकारी (मूर्च्छक/एनेस्थीसिया) डॉ. रेखा कुमारी को 26 नवंबर, 2021 से लगातार ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है।
डॉ. अरुण कुमार की सेवा से बर्खास्तगी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौहट्टा (सहरसा) के चिकित्सा पदाधिकारी (दंत) डॉ. अरुण कुमार को अप्रैल 2021 से लगातार अनधिकृत अनुपस्थिति के कारण सरकारी सेवा से बर्खास्त किया गया है।
मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर संवर्ग नियमावली-2026 : सरकारी चिकित्सा संस्थानों में एक्स-रे, सीटी स्कैन और कैथ लैब जैसी रेडिएशन आधारित जांच व उपचार के दौरान मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस पद पर नियुक्ति एवं सेवा शर्तों से जुड़ी नई नियमावली-2026 को स्वीकृति दी गई है।
प्रोस्थेटिक एवं आर्थोटिक्स गैर-शैक्षणिक संवर्ग नियमावली, 2026 : स्वास्थ्य विभाग के अधीन कृत्रिम अंग निर्माण (प्रोस्थेटिस्ट एवं आर्थोटिस्ट) संवर्ग के मूलकोटि और प्रोन्नति के पदों पर नियुक्ति व सेवा शर्तों के निर्धारण हेतु नई नियमावली, 2026 के गठन को मंजूरी दी गई है।
IGIMS के स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में रेडियोथेरापी के 4 नए पद : इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना परिसर स्थित स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में कैंसर मरीजों के बेहतर इलाज हेतु AIIMS नई दिल्ली के अनुरूप सीनियर टेक्निकल ऑफिसर (रेडियोथेरापी) के 2 और चीफ टेक्निकल ऑफिसर (रेडियोथेरापी) के 2 अर्थात कुल 4 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है।
IGIMS के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में 64 नए पद : IGIMS, पटना में गंभीर मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में कुल 64 शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन की मंजूरी प्रदान की गई है।
STF मुख्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति अवधि का विस्तार : लोदीपुर, पटना में विशेष कार्य बल (STF) के मुख्यालय भवन निर्माण हेतु 4 अक्टूबर, 2025 को दी गई प्रशासनिक स्वीकृति की अवधि को एक वर्ष के लिए विस्तारित करने की मंजूरी दी गई है।
‘बिहार है तैयार’ और ‘बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027’ हेतु पीआर एजेंसी का चयन : बिहार की सकारात्मक छवि और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के लिए बिहार फाउंडेशन के ‘बिहार है तैयार’ अभियान और फरवरी 2027 में होने वाले ‘बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027’ के पीआर व मीडिया कार्यों के लिए 1 दिसंबर, 2026 से 28 फरवरी, 2027 (3 माह) तक नामांकन के आधार पर M/s Rediffusion एजेंसी के चयन को मंजूरी दी गई है।
पटना में आइकॉनिक ट्रेड सेंटर निर्माण हेतु NBCC के साथ MoU : पटना में बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैंगल्स रोड पर स्थित भूखंड को आइकॉनिक ट्रेड सेंटर, वाणिज्यिक, कार्यालय और आवासीय भवन के रूप में विकसित करने के लिए नामांकन के आधार पर एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड, नई दिल्ली के चयन और समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने की स्वीकृति दी गई है।
झंझारपुर पथ प्रमंडल की 39.21 किमी सड़क के चौड़ीकरण हेतु ₹192.94 करोड़ : मधेपुर-तुमरिया-अंधराठाढ़ी-रामपुर-भूपट्टी सड़क (कुल लंबाई 39.210 किमी) को वर्तमान 3.75/5.5 मीटर से बढ़ाकर 7.0 मीटर चौड़ा और मजबूत बनाने के लिए ₹192.94 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। यह सड़क झंझारपुर, फुलपरास, राजनगर और बाबूबरही विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत NH-27 के 19वें किमी को पार करते हुए निर्माणाधीन NH-527A को जोड़ेगी।
बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन : राज्य की अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक सुधार, रूपांतरण की गति तेज करने और सतत उच्च आर्थिक वृद्धि हासिल करने के उद्देश्य से नीतिगत फैसलों को त्वरित गति देने के लिए ‘बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद’ के गठन को मंजूरी प्रदान की गई है।
साफ है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की यह कैबिनेट बैठक सिर्फ कागजी मुहर भर नहीं, बल्कि बदलते बिहार का एक स्पष्ट रोडमैप है। एक तरफ ग्राम कचहरियों का भत्ता 6 गुना बढ़ाकर और छात्रों के लिए हाइब्रिड कोचिंग की व्यवस्था कर सरकार ने गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग को साधने की कोशिश की है, तो दूसरी ओर लापरवाह डॉक्टरों की बर्खास्तगी ने सरकारी तंत्र में बैठे कामचोरों की नींद उड़ा दी है। ‘विकास को रफ्तार और लापरवाहों पर प्रहार’ के इसी मंत्र के साथ सरकार ने आने वाले दिनों में बिहार की तस्वीर बदलने का बड़ा दांव चल दिया है।
इसे भी पढ़ें : खेलों का हब बनेगा बिहार, सीएम सम्राट ने दिया स्पोर्ट्स कैलेंडर जारी करने का निर्देश




