अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर राजधानी रांची स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस पार्टी द्वारा किया गया प्रदर्शन अब विवाद का केंद्र बन गया है। भाजपा झारखंड प्रदेश के सदस्य और मीडिया विभाग के संयोजक अजय राय ने इसे भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने और कानून से बचने का असफल राजनीतिक प्रयास करार दिया।
“नेशनल हेराल्ड मामला गंभीर आर्थिक अपराध”
अजय राय ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला किसी राजनीतिक प्रतिशोध का विषय नहीं है, बल्कि करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़ा गंभीर आर्थिक अपराध है। इसकी जांच देश की स्वतंत्र और संवैधानिक संस्थाएं कर रही हैं। उन्होंने कांग्रेस को याद दिलाया कि देश में कानून सबके लिए समान है, चाहे कोई भी बड़ा राजनीतिक परिवार क्यों न हो।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहते हुए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया। आज जब वही पार्टी कानून के दायरे में आती है, तो वह लोकतंत्र और संविधान की दुहाई दे रही है। उनका कहना था कि कांग्रेस का यह प्रदर्शन यह दर्शाता है कि उनके पास कानूनी जवाब नहीं, केवल सड़क पर हंगामा करने की रणनीति बची है।
कोई भी व्यक्ति या पार्टी कानून से ऊपर नहीं : अजय राय
अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीतियां लागू की गई हैं। कोई भी व्यक्ति या पार्टी कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे निर्दोष हैं तो न्यायालय में अपना पक्ष रखें, न कि जनता को भ्रमित करने के लिए प्रदर्शन करें। अंत में अजय राय ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी और जनता कांग्रेस के दोहरे चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का किया घेराव… जानें क्यों



