अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। शनिवार को रिलीज के 16 दिन पूरे होने के साथ ही फिल्म ने 500 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है। हर गुजरते दिन के साथ फिल्म नए रिकॉर्ड बना रही है और कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है।
तीसरे शनिवार भी कमाई में उछाल
वीकेंड का फायदा फिल्म को एक बार फिर मिला है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार तीसरे शनिवार को फिल्म ने 19.88 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 502.88 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
पहले और दूसरे हफ्ते का शानदार प्रदर्शन
फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। पहले सप्ताह में ‘धुरंधर’ ने 207.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। दूसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई 253.25 करोड़ रुपये रही। शुक्रवार यानी 15वें दिन फिल्म ने 22.5 करोड़ रुपये कमाए थे।
शाहरुख खान की जवान का रिकॉर्ड टूटा
इस कलेक्शन के साथ ‘धुरंधर’ ने शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जवान को 500 करोड़ क्लब में शामिल होने में 18 दिन लगे थे, जबकि धुरंधर ने यह मुकाम सिर्फ 16 दिनों में हासिल कर लिया।
सबसे तेज 500 करोड़ कमाने वाली फिल्मों में दूसरा स्थान
‘धुरंधर’ अब हिंदी बॉक्स ऑफिस पर सबसे तेज 500 करोड़ कमाने वाली फिल्मों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गई है। इस मामले में फिल्म ने जवान और स्त्री 2 जैसी सुपरहिट फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
स्टारकास्ट और निर्देशन
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके साथ अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन जैसे मजबूत कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
इसे भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट ने 10 डेंटल कॉलेजों पर ठोका 100 करोड़ का जुर्माना… जानें क्यों



