अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में दोपहर करीब 12 बजे पीएनजी गैस पाइपलाइन में रिसाव की वजह से जोरदार ब्लास्ट हुआ। हादसा इतना भयानक था कि स्कूटी से गुजर रहे एक कोचिंग संचालक के सिर के चिथड़े उड़ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, घटना में छह लोग घायल हो गए हैं। धमाके की तेज आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे।
स्कूटी से सामान खरीदने निकले थे, रास्ते में हुआ हादसा
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान स्थानीय कोचिंग संचालक निवास सिंह के रूप में हुई है। वे दोपहर के वक्त अपनी स्कूटी से जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजार की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे गोबरसही-डुमरी मुख्य मार्ग से गुजरे, अचानक जमीन के नीचे बिछी गैस पाइपलाइन में भीषण विस्फोट हुआ और वे सीधे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में चार मंजिला इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और लगभग 100 मीटर के दायरे में बने कई मकानों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। सड़क किनारे खड़े कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
नाला निर्माण के दौरान कटी पाइपलाइन, 6 लोग अस्पताल में भर्ती
घटना के वक्त सड़क किनारे आरसीडी की देखरेख में जेसीबी मशीन से नाला निर्माण का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, खुदाई के दौरान ही पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे गैस तेजी से लीक होने लगी और कुछ ही देर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में मुकेश कुमार (20), सोनम कुमारी, मोहम्मद अयान (17) और रुकसाना खातून (40) समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए और मलबे की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन बोला-आपदा राहत कोष से मिलेगा मुआवजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मुजफ्फरपुर के डीएम कुमार गौरव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरसीडी द्वारा नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन कट गई थी, जिससे रिसाव के बाद यह धमाका हुआ। डीएम ने कहा कि हादसे में एक व्यक्ति की जान गई है और छह लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को आपदा राहत नियमों के तहत उचित मुआवजा दिया जाएगा और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : सारण में गूंजा ‘खेत बचाओ अभियान’, कृषि मंत्री बोले- मिट्टी बचेगी तभी थाली सजेगी



