अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : देश की राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में सोमवार को ‘भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026’ का भव्य आगाज हुआ। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महाकुंभ का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। रिन्यूएबल एनर्जी यानी स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के मकसद से शुरू हुआ यह सम्मेलन 5 नवंबर तक चलेगा। इस बार पूरे आयोजन का मुख्य फोकस ‘निवेश करें, नवाचार करें, प्रेरित करें’ के मंत्र पर रखा गया है, ताकि दुनिया भर के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की नई तकनीकों और बड़े निवेशकों को एक साझा मंच पर लाया जा सके।
दुनिया के 130 से ज्यादा देशों का जुटा जमावड़ा
इस सम्मेलन में वैश्विक स्तर पर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दुनिया भर के नीति निर्माताओं, बड़े उद्योगपतियों, निवेशकों और वित्तीय संस्थाओं के प्रतिनिधि नई दिल्ली पहुंचे हैं। कार्यक्रम में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शिरकत कर रहे हैं, जिनमें 40 से ज्यादा विदेशी मंत्री भी शामिल हैं। इसके अलावा जर्मनी, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ जैसे प्रमुख देश इस आयोजन में भागीदार बने हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस मंथन में रिन्यूएबल एनर्जी की आधुनिक तकनीकों के आदान-प्रदान और बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश की संभावनाओं पर खुलकर चर्चा होगी।
बिहार समेत 13 राज्य दिखा रहे अपना दम
सम्मेलन में देश के 13 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता और विनिर्माण के अवसरों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इनमें बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, असम, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और दिल्ली शामिल हैं। इस बड़े मंच पर बिहार की मौजूदगी को काफी अहम माना जा रहा है। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस आयोजन के जरिए बिहार को अंतरराष्ट्रीय पटल पर नई पहचान मिलेगी, जिससे राज्य के रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स में भारी निवेश आएगा, तकनीकी सहयोग बढ़ेगा और औद्योगिक विकास को रफ्तार मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : पटना जू के पास खुला पहला तरकारी आउटलेट, CM बोले- दोगुनी होगी किसानों की आमदनी



