अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 29 दिसंबर को जमशेदपुर और आदित्यपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इस सिलसिले में वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल और जोनल आईजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में परिसदन जमशेदपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के परिभ्रमण मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई।
सुरक्षा, ट्रैफिक और प्रोटोकॉल पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान मार्ग मैपिंग, रास्ते से निर्माण सामग्री हटाने, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, रिहर्सल, नो फ्लाई जोन और प्रोटोकॉल के सख्त पालन की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
कार्यक्रम स्थलों का किया गया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद सचिव और जोनल आईजी ने करनडीह स्थित कार्यक्रम स्थल, एनआईटी जमशेदपुर और सोनारी एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकासी मार्ग तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
समय पर तैयारी पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कई जिलों के आला अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सरायकेला खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी पीयूष पांडेय, सरायकेला खरसावां के एसपी मुकेश लुणायत सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एडीसी भगीरथ प्रसाद, आदित्यपुर नगर आयुक्त, जेएनएसी उप नगर आयुक्त, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी और दोनों जिलों के अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : झारखंड की बंद खदानें बनेंगी हरित विकास की नई ताकत

