अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा पुलिस ने एटीएम में फेवीक्विक लगाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में बिहार से 26 वर्षीय प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया गया। यह खुलासा सदर थाना क्षेत्र के जैन मार्केट स्थित केनरा बैंक एटीएम से जुड़ी ठगी की घटना के बाद हुआ।
क्या हुआ था घटना के दिन
14 दिसंबर को मुकु बारी जैन मार्केट स्थित केनरा बैंक एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने मशीन में फेवीक्विक लगाकर उनका कार्ड फंसवा दिया। बाद में मदद का झांसा देकर उनका कार्ड चोरी कर लिया गया। इस ठगी के कारण कुल 1 लाख 54 हजार 390 रुपये खाते से निकाल लिए गए।
पुलिस ने कैसे किया खुलासा
पीड़ित की शिकायत के बाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ बहामन टूटी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल बनाया गया। तकनीकी शाखा की मदद से सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार की पहचान की गई।
आरोपी ने क्या कबूल किया
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी एटीएम मशीन में फेवीक्विक लगाकर कार्ड फंसाते थे। फिर पेचकस की मदद से कार्ड निकालकर एटीएम हेल्पलाइन का झांसा देकर खाते से पैसे निकालते थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बिहार से आकर झारखंड के विभिन्न इलाकों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
पुलिस ने बरामद की चीजें
आरोपी के पास से एक आसमानी रंग का सैमसंग गैलेक्सी ए-16 मोबाइल फोन और सिल्वर स्लेटी रंग का एक्सएल साइज जैकेट बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि यह सामान एटीएम से निकाले गए पैसों से खरीदा गया था।
पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और आगे की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले अवैध शराब कारोबार के मामले में नवादा जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरोह में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एटीएम में फेवीक्विक का जाल, चाईबासा के सदर SDPO बहामन टूटी क्या बोले… देखें pic.twitter.com/2jqMLr4UsS
— News Samvad (@newssamvaad) January 10, 2026
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में एसआई सुनील कुमार चौधरी, चंद्रशेखर, धनंजय सिंह, अभय कुमार (तकनीकी शाखा) और सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : गश्ती से लेकर मेला सुरक्षा तक, एसपी ने थानेदारों को दिए साफ निर्देश



