अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बिहार में नई सरकार और नए मंत्रालय के गठन के बाद राज्य के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर खास जोर दिया जा रहा है। इसी प्रयास के तहत बेगूसराय जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है।
22 जनवरी को बेगूसराय में लगेगा जॉब कैंप
बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, बेगूसराय द्वारा 22 जनवरी 2026 को एक दिवसीय जॉब कैंप आयोजित किया जाएगा। यह जॉब कैंप संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई कैंपस, पहाड़ा, बेगूसराय में लगाया जाएगा।
MRF कंपनी के लिए होगा चयन
जिला नियोजनालय ने जानकारी दी है कि इस जॉब कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी Vision India प्राइवेट लिमिटेड भाग लेगी। यह कंपनी देश की प्रसिद्ध टायर निर्माता कंपनी MRF लिमिटेड के लिए युवाओं का चयन करेगी।
चयन NAPS ट्रेनी पद के लिए किया जाएगा, जिसमें कुल 200 पदों पर बहाली होगी।
योग्यता और आयु सीमा तय
जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने बताया कि इस जॉब कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का 10वीं, 12वीं या ITI पास होना जरूरी है। उम्मीदवार की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
वेतन और अन्य सुविधाएं
चयनित युवाओं को 15,650 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी की ओर से भोजन, रहने और आने-जाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
चयन के बाद सभी युवाओं की पोस्टिंग चेन्नई में की जाएगी।
NCS पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
जॉब कैंप में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों का राष्ट्रीय करियर सेवा पोर्टल यानी NCS वेबसाइट www.ncs.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के किसी भी उम्मीदवार को जॉब कैंप में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा
उम्मीदवारों को 22 जनवरी 2026 को सुबह 10:30 बजे तक जिला नियोजनालय, बेगूसराय में पहुंचना होगा। साथ में बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अंक पत्र और दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो लाना अनिवार्य होगा।
इसे भी पढ़ें : मेहनत की जमीन बचाने की लड़ाई, फर्जी दस्तावेजों के खिलाफ आवाज



