अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : फोन की घंटी बजी… सामने से आवाज आई… लालपुर के लूप बार में कुख्यात गुंडे जुटने वाले हैं। कुछ बड़ा करने की तैयारी है। मौका है, दबोच लीजिए। इतना सुनते ही रांची पुलिस हरकत में आ गई। एसएसपी राकेश रंजन ने बिना देर किए पूरा टास्क सिटी एसपी पारस राणा को सौंप दिया। इसके बाद जो हुआ, उससे देर रात लालपुर इलाके में हड़कंप मच गया।
सिटी एसपी के नेतृत्व में बनी स्पेशल टीम
सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सिटी डीएसपी वेंकटेश रमन और सदर डीएसपी संजीव बेसरा की देखरेख में एक खास टीम बनाई गई। लालपुर, कोतवाली, सदर और लोअर बाजार समेत कई थानों की पुलिस को एक साथ अलर्ट किया गया। पूरी प्लानिंग के साथ पुलिस ने लूप बार को चारों तरफ से घेर लिया।
अचानक पुलिस पहुंची, मच गई अफरा-तफरी
रविवार की देर रात जैसे ही पुलिस की गाड़ियां लूप बार के बाहर रुकीं, पूरे इलाके में खलबली मच गई। बार के अंदर मौजूद ग्राहक और कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पुलिस ने एंट्री कर ली। भारी संख्या में पुलिस बल देखकर बार के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कोई बाहर नहीं निकला, सभी को रोका गया
छापेमारी के दौरान पुलिस ने साफ निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति बिना जांच के बाहर नहीं जाएगा। बार का मुख्य हॉल हो या वीआईपी केबिन, हर जगह पुलिस तैनात कर दी गई। बाहर की पार्किंग पर भी जवानों की तैनाती रही, ताकि कोई संदिग्ध भाग न सके।
एक-एक कर ली गई तलाशी
पुलिस ने बार में मौजूद हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली। ग्राहकों से लेकर स्टाफ तक सभी के पहचान पत्र चेक किए गए। संदिग्ध लोगों के नाम और मोबाइल नंबर पुलिस के रिकॉर्ड से मिलाए गए, ताकि किसी कुख्यात अपराधी की पहचान हो सके।
वीआईपी केबिन और पार्किंग तक जांच
जांच सिर्फ बार के अंदर तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने वीआईपी केबिन, स्टोर रूम और पार्किंग एरिया की भी बारीकी से तलाशी ली। पुलिस का फोकस हथियार, नशीले पदार्थ या किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री की बरामदगी पर रहा।
बार और क्लबों पर पुलिस की सख्त नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में रांची के बार और क्लबों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इसी को देखते हुए पुलिस अब ऐसे ठिकानों पर लगातार नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर अचानक कार्रवाई कर रही है।
अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर जांच में किसी कुख्यात अपराधी की मौजूदगी या किसी बड़ी साजिश के सबूत मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : रांची में ब्रूटल म’र्डर, सिर अलग, हाथ-पैर अलग, प्राइवेट पार्ट भी काट फेंका

