अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : उत्तर प्रदेश को ग्लोबल निवेश के नक्शे पर मजबूत करने के मिशन के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। पहले ही दिन उनकी मुलाकात बड़े निवेशकों और कॉरपोरेट जगत के दिग्गजों से हुई। सबसे अहम बैठक रही सिंगापुर की नामी निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन और उनकी टीम के साथ। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर खुलकर बात हुई। माहौल सकारात्मक रहा और कई क्षेत्रों में सहयोग की दिशा तय होती दिखी।
500-500 करोड़ के निवेश की चर्चा
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में बताया गया कि टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मणिपाल हॉस्पिटल्स गाजियाबाद में करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। वहीं, टेमासेक से जुड़ी कंपनी असेंडास प्रदेश में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग के क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये लगाने की तैयारी में है। इन निवेशों को स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
किन क्षेत्रों में निवेश की पेशकश
सीएम योगी ने टेमासेक को साफ तौर पर कहा कि उत्तर प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, हेल्थ सेक्टर, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए तैयार है। डेटा सेंटर और स्किल डेवलपमेंट जैसे उभरते सेक्टरों में भी दोनों पक्षों ने मिलकर आगे बढ़ने पर सहमति जताई। माना जा रहा है कि इससे प्रदेश में नई तकनीक आएगी और रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे।
कानून-व्यवस्था और कनेक्टिविटी पर दिया जोर
बैठक के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत है और सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल दे रही है। उन्होंने एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और तेजी से विकसित हो रहे लॉजिस्टिक्स हब की जानकारी विस्तार से दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के तहत पारदर्शी और तेज प्रक्रिया अपनाई जा रही है, ताकि निवेशकों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर कदम
सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाना है। ऐसे में यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। उम्मीद है कि सिंगापुर से विदेशी निवेश की नई राह खुलेगी और प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। गौरतलब है कि इसी निवेश मुहिम के तहत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी इन दिनों यूरोप दौरे पर हैं। सरकार का फोकस साफ है… दुनिया के बड़े निवेशकों को उत्तर प्रदेश तक लाना और विकास की रफ्तार तेज करना।
इसे भी पढ़ें : बीवी को आशिक के साथ देख लिया था आपत्तिजनक हालत में, फिर दे डाली सुपारी



