अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के रातू थाना क्षेत्र के मुरगू गांव में एक परिवार के शादी समारोह में जाने का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर जेवरात और सिक्के चोरी कर लिए। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम करण कुमार (21 वर्ष) और रमेश कुमार उर्फ रमेश तंबोली (23 वर्ष) बताये गये। दोनों मुरगू गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में गाड़कर छिपाए गए चोरी के जेवरात और सिक्के भी बरामद कर लिए। इस बात का खुलासा रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया है।
शादी में गया था परिवार, लौटे तो घर का सामान बिखरा मिला
रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि मुरगू गांव के रहने वाले आकाश कुमार तिवारी ने 12 मार्च को रातू थाना में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 11 मार्च को वे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे जब वे वापस घर लौटे तो उन्हें कुछ लोगों के भागने की आवाज सुनाई दी। घर के अंदर जाकर देखा तो गोदरेज अलमारी खुली हुई थी और कमरे में सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे जेवरात और सिक्के चोरी हो गए हैं। इसके बाद उन्होंने रातू थाना में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने बनाई टीम, संदिग्धों से पूछताछ में खुला राज
मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर की देखरेख और मुख्यालय डीएसपी द्वितीय अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम ने आसपास के इलाके में जानकारी जुटाई और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई शुरू की। 15 मार्च को पुलिस ने दो लड़कों को संदेह के आधार पर उठा लिया। थानेदार आदिकांत महतो ने जब अपने स्टाइल में दोनों लड़कों से पूछताछ की तो वे टूट गये और सारा राज उगल दिया। दोनों में चोरी की वारदात को अंजाम देने के गुनाह कबूल कर लिया।
पुल के पास गड्ढा खोदकर जमीन में छिपाया था सामान
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 11 मार्च की रात उन्होंने गांव के ही रतन तिवारी के घर में घुसकर गोदरेज अलमारी तोड़ी और उसमें रखे जेवरात चोरी कर लिए। चोरी के बाद दोनों आरोपियों ने जेवरात को गांव से कुछ दूरी पर चितरकोटा जाने वाले रास्ते में एक पुल के पास ले जाकर गड्ढा खोदकर जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर वहां पहुंचकर गड्ढा खोदा और चोरी किए गए जेवरात और सिक्के बरामद कर लिए।
सोने और चांदी के कई जेवर बरामद
बरामद सामान में सोने जैसे कई जेवर शामिल हैं। इनमें बाउरी का एक जोड़ा, झुमका का एक जोड़ा, पतली चेन, लाल धागे में गुथा लॉकेट, छोटा टॉप्स, नाक की छुछी, एक हार, मोती जड़ा लॉकेट, जितिया, नथिया और डायमंड जैसा टॉप्स शामिल है। इसके अलावा चांदी जैसे आभूषण भी मिले हैं जिनमें पोजेब का एक जोड़ा, पायल के कई जोड़े, डंडपीन, बिछिया और बेड़ा शामिल हैं। साथ ही 20 रुपये के चार सिक्के, 10 रुपये के 38 सिक्के और 5 रुपये के 44 सिक्के भी बरामद किए गए हैं।
एक आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी करण कुमार का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ रातू थाना में 2025 में भी एक मामला दर्ज हो चुका है।
रांची के रातू में मुरगू गांव में शादी में गए परिवार के घर में चोरी का खुलासा पुलिस ने 4 दिन में कर दिया। दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी के जेवरात बरामद किए। रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर क्या बोले…#Ranchi #Jharkhand #CrimeNews #NewsSamvad #LatestNews #BreakingNews #TrendingNews pic.twitter.com/lKmDJ7OMfD
— News Samvad (@newssamvaad) March 16, 2026
छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में डीएसपी मुख्यालय-2 अरविंद कुमार, रातू थानेदार इंस्पेक्टर आदिकांत महतो, एसआई उमेश कुमार सिंह, महेश प्रसाद कुशवाहा, छोटू कुमार, संतोष यादव, प्रियंका कुमारी, विनीत कुमार, विशेश्वर कुमार, एएसआई सुनील कुमार सिंह के साथ रातू थाना के सशस्त्र बल और ड्राइवर की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : “अब सिर्फ पैसा नहीं चाहिए, या तो तुम्हें मा’रेंगे या परिवार को”… दहल गया कारोबारी



