अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में अहम बैठक हुई। इसमें जिले के सभी बड़े अधिकारी शामिल हुए और त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से कराने की रणनीति बनाई गई। डीसी ने साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी अधिकारी पहले से तैयारी करके रखें।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
बैठक में शहर के उन इलाकों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जहां भीड़ ज्यादा रहती है या पहले से संवेदनशील माने जाते हैं। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती होगी। ईद के दौरान सभी ईदगाह और नमाज स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि लोग आराम से नमाज अदा कर सकें।
जुलूस और शोभायात्रा के रूट की होगी जांच
सरहुल और रामनवमी को लेकर प्रशासन खास सतर्क है। इन त्योहारों में निकलने वाले जुलूस और शोभायात्राओं के रूट का पहले से निरीक्षण किया जाएगा। रास्ते में कहीं कोई रुकावट हो तो उसे पहले ही हटाया जाएगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जाम की समस्या न हो।
पूजा समितियों से सहयोग की अपील
डीसी ने सरना समिति और रामनवमी पूजा समितियों से नियमों का पालन करने को कहा है। झंडों और झांकियों की ऊंचाई तय मानकों के अनुसार रखने और बाइक रैली नहीं निकालने की अपील की गई है।
ड्रोन और सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
भीड़ वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की खास नजर रहेगी। अगर कोई भड़काऊ पोस्ट या अफवाह फैलाता है, तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। साइबर टीम को लगातार निगरानी के लिए लगाया गया है।
बच्चों को लेकर अभिभावकों के लिए सलाह
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान अपने बच्चों का खास ध्यान रखें। बच्चों के पॉकेट में मोबाइल नंबर लिखकर रखें, ताकि भीड़ में अगर वे बिछड़ जाएं तो आसानी से मिल सकें।
शांति और भाईचारे की अपील
बैठक के अंत में डीसी ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझकर काम करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी त्योहार शांति और भाईचारे के माहौल में संपन्न हों। साथ ही आम लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
बैठक में ये अधिकारी थे शामिल
बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वरनाथ आलोक समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : सीएम ने की हाई लेवल मीटिंग, बोले- त्योहारों में उपद्रव कतई बर्दाश्त नहीं



