अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। वेस्ट सरोवर नगर, देवी मंडप रोड स्थित विजय कुमार साहू के घर में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी कर ली। चोर घर के अंदर घुसकर अलमीरा तोड़ दिए और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी की कुल रकम करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। लोग यह कह रहे हैं कि अब घर छोड़कर कहीं जाना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि चोरों का हौसला लगातार बढ़ रहा है।
घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर
जानकारी के अनुसार चोरों ने सबसे पहले घर के मुख्य दरवाजे का लॉक तोड़ा। इसके बाद वे घर के अंदर घुसे और कमरे में रखे अलमीरा को तोड़कर सामान निकाल लिया। घर के अंदर काफी देर तक चोरों ने आराम से चोरी की और किसी को भनक तक नहीं लगी। जब परिवार के लोगों ने घर लौटकर देखा तो दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
अलमीरा तोड़कर जेवर और नकदी लेकर भागे
पीड़ित विजय कुमार साहू ने बताया कि अलमीरा में घर के जरूरी कागजात के साथ-साथ कीमती गहने और नकदी रखे थे। चोरों ने अलमीरा तोड़कर पूरा सामान निकाल लिया। जेवरात में सोने की चेन, अंगूठी, कंगन, झुमका और अन्य गहने शामिल थे। परिवार का कहना है कि चोरी में करीब 16 लाख रुपये के जेवर और नकदी गायब हैं। चोरी के बाद परिवार काफी परेशान और सदमे में है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने यह भी कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जाएगा ताकि चोरों का सुराग मिल सके। पुलिस ने पीड़ित परिवार से चोरी गए सामान की सूची भी मांगी है।
इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंडरा ओपी क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त कम होने की वजह से चोरों के हौसले बढ़ गए हैं। इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गश्ती बढ़ाई जाए और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
पुलिस ने जांच शुरू की, जल्द खुलासा करने का दावा
पुलिस का कहना है कि मामला गंभीर है और चोरी करने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में मुखिया के भाई की भुजाली मार कर ह’त्या



