अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : UPSC की ओर से होने वाली NDA-NA (1) 2026 और CDS (1) 2026 परीक्षा को लेकर रांची प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। परीक्षा के दिन शहर के कई इलाकों में निषेधाज्ञा लागू रहेगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हो और कोई गड़बड़ी न कर सके। यह आदेश रांची के सदर एसडीएम कुमार रजत ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जारी किया है।
12 अप्रैल को पूरे दिन रहेगी रोक
प्रशासन के अनुसार यह निषेधाज्ञा 12 अप्रैल को सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगी। यह नियम रांची के परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में प्रभावी रहेगा।
क्यों लगाया गया आदेश
प्रशासन ने साफ कहा है कि परीक्षा के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा भीड़ लगाकर या हंगामा करके माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा सकती है। इसी को देखते हुए पहले से ही पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
इन चीजों पर रहेगी पूरी पाबंदी
निषेधाज्ञा के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास इन बातों पर रोक रहेगी:
1. भीड़ लगाने पर रोक
परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के अंदर 5 या उससे ज्यादा लोग एक जगह जमा नहीं हो सकेंगे।
हालांकि सरकारी काम में लगे अधिकारी और कर्मचारी इसके दायरे में नहीं आएंगे। शवयात्रा और सरकारी कार्यक्रम को भी छूट दी गई है।
2. लाउडस्पीकर बजाने पर रोक
किसी भी तरह का ध्वनि विस्तारक यंत्र जैसे लाउडस्पीकर या माइक का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
3. हथियार लेकर चलने पर रोक
बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद जैसे किसी भी तरह के अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर रोक रहेगी।
सरकारी ड्यूटी में लगे सुरक्षाकर्मियों को छूट दी गई है।
4. लाठी डंडा और धारदार हथियार भी मना
लाठी, डंडा, तीर-धनुष, गडासा, भाला जैसे हरवे हथियार लेकर चलने पर भी पाबंदी रहेगी।
5. सभा और बैठक नहीं हो सकेगी
किसी भी तरह की सभा, बैठक या आमसभा का आयोजन नहीं किया जा सकेगा।
19 परीक्षा केंद्रों के पास लागू होगी निषेधाज्ञा
प्रशासन ने जिन परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की है, वे इस प्रकार हैं:
- सेन्ट्रल एकादमी, बरियातू रोड
- राजकीय बालिका +2 उच्च विद्यालय, बरियातू (HDFC बैंक के सामने)
- महेन्द्र प्रसाद इंटर महिला महाविद्यालय, सर्कुलर रोड
- डीएवी नन्दराज मॉडर्न स्कूल, लालपुर
- संत अलोइस हाई स्कूल, पुरूलिया रोड
- संत जॉन हाई स्कूल, कर्बला टैंक रोड
- उर्सुलाईन कॉन्वेंट गर्ल्स हाई स्कूल, पुरूलिया रोड
- फिरायालाल पब्लिक स्कूल, 5 मेन रोड
- गोस्सनर कॉलेज, क्लब रोड (सब सेंटर ए)
- गोस्सनर कॉलेज, क्लब रोड (सब सेंटर बी)
- डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर 3, धुर्वा
- सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, जेपी मार्केट के पीछे (सब सेंटर ए)
- सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, जेपी मार्केट के पीछे (सब सेंटर बी)
- दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेल टाउनशिप, धुर्वा
- विवेकानन्द विद्या मंदिर, सेक्टर 2, धुर्वा (सब सेंटर ए)
- विवेकानन्द विद्या मंदिर, सेक्टर 2, धुर्वा (सब सेंटर बी)
- संत पॉल कॉलेज, चर्च रोड
- छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, बूटी रोड
- राजकीय +2 हाई स्कूल, कांके, सेमरटोली (CIP के पास)
परीक्षार्थियों को होगी सुविधा, गड़बड़ी करने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन का कहना है कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि परीक्षा देने आए छात्रों को कोई परेशानी न हो और परीक्षा केंद्रों पर शांति बनी रहे। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर कोई व्यक्ति आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के आसपास बेवजह न घूमें, भीड़ न लगाएं और प्रशासन को सहयोग करें। परीक्षा को लेकर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में ब्रांडेड के नाम पर धोखा… जानें

