अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा जिले के घोर नक्सल प्रभावित इलाके में एक बार फिर गोलियों की गूंज सुनाई दी। बुधवार तड़के टोंटो थाना क्षेत्र के रूटुगुटू के घने जंगलों में माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई, जब कोबरा 209 बटालियन के जवान सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल के भीतर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 4:30 बजे जवानों का माओवादियों से आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। जंगल के अंदर कई राउंड गोलियां चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
दो दिनों से चल रहा था कॉम्बिंग ऑपरेशन
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान जवानों को माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया। बुधवार भोरे-भोर तड़के जवान जंगल में आगे बढ़ रहे थे, तभी माओवादियों ने घात लगाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
रुक-रुक कर जारी है मुठभेड़
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मुठभेड़ सुबह से रुक-रुक कर जारी है। जंगल का इलाका होने के कारण सुरक्षा बल बेहद सतर्कता से आगे बढ़ रहे हैं। वहीं माओवादी भी पहाड़ी और पेड़ों की आड़ लेकर गोलीबारी कर रहे हैं।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा, सघन तलाशी अभियान
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी गई है। जंगल के आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है, ताकि माओवादी भाग न सकें।
एसपी अमित रेनू ने की पुष्टि
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है। सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पूर्व माओवादी की हत्या के बाद बढ़ी हलचल
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या हुई थी। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि माओवादी संगठन फिर से सक्रिय हो गया है। पुलिस को लगातार संकेत मिल रहे थे कि माओवादी सारंडा से निकलकर कोल्हान और आसपास के इलाकों में अपनी गतिविधियां बढ़ा रहे हैं।
मिसिर बेसरा के दस्ते की मौजूदगी की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में संगठन के दस्ते अब भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। जंगलों में उनकी हलचल की सूचना के बाद ही सुरक्षा बलों ने अभियान तेज किया था।
‘लुकाछिपी’ का खेल जारी
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जंगल इलाकों में माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच लंबे समय से ‘लुकाछिपी’ का दौर चल रहा है। कई बार माओवादी मौके का फायदा उठाकर भाग जाते हैं, लेकिन इस बार सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों ओर से घेरकर कार्रवाई तेज कर दी है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट
टोंटो, गोइलकेरा और आसपास के थाना क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। गांवों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक मुठभेड़ जारी थी।



