अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ में असम, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत की खुशी साफ दिखी। शहर के भगवान बिरसा मुंडा चौक पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे। यहां पटाखे फोड़े गए, मिठाइयां बांटी गईं और पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने इसे होली और दीपावली जैसा उत्सव बताया।
महिलाओं और कार्यकर्ताओं को दिया श्रेय
जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जनता की आवाज है। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं की भूमिका को अहम बताया। कहा कि मातृशक्ति ने खुलकर समर्थन दिया और पार्टी को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
“कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई”
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह ने कहा कि यह जीत आम मतदाताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बिना किसी डर के लगातार मेहनत की, जिसका नतीजा आज सामने है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को बताया सच्ची श्रद्धांजलि
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह ने कहा कि यह जीत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उनके अनुसार, यह नतीजा बंगाल की जनता का जवाब है, जिसने बदलाव के लिए वोट किया। नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ चुनावी जीत नहीं है, बल्कि देश की जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस मौके पर लिट्टीपाड़ा के पूर्व प्रत्याशी बाबुधन मुर्मू, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, उपाध्यक्ष हिसाबी राय, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला मंत्री दिलीप सिंह, कार्यालय मंत्री सुशील साह, युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक साह और पूर्व नगर अध्यक्ष पंकज साह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : ‘खौफ का कमांडर’ पुलिस के शिकंजे में, लेवी नहीं देने पर बरसाता था गोलियां

