अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के टाटीसिल्वे इलाके में बीते तीन मई की सुबह जब मानकीडीपा रिंग रोड किनारे एक शख्स की लाश मिली, तो पहली नजर में मामला सड़क हादसे का लग रहा था। लाश के ऊपर भारी वाहन चढ़ने के निशान थे। आसपास खून फैला था। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। मृतक की शिनाख्त कमलेश कुमार के तौर पर हुई। शुरुआत में लोगों को लगा कि देर रात किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे कुचल दिया होगा। लेकिन रुरल एसपी गौरव गोसवामी को घटनास्थल देखकर कुछ बातें खटक रही थीं। शव जिस हालत में पड़ा था, वह आम सड़क दुर्घटना जैसा नहीं लग रहा था। यही शक धीरे-धीरे एक खौफनाक हत्या की कहानी तक पहुंच गया।
मोबाइल लोकेशन ने खोला राज
टाटीसिल्वे थाना में मामला दर्ज होने के बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी गौरव गोस्वामी की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई। सीनियर डीएसपी अमर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कमलेश के मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस की नजर एक महिला और उसके पति पर जाकर टिक गई। तकनीकी साक्ष्य लगातार उसी दिशा में इशारा कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी शुरू की और आखिरकार तीन लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ शुरू हुई तो धीरे-धीरे पूरी साजिश सामने आने लगी।
पत्नी के नाजायज संबंध से भड़का हुआ था पति
पुलिस जांच में सामने आया कि कमलेश कुमार का आरोपी शिवनाथ कुमार सिंह की पत्नी अंगिता देवी के साथ नाजायज संबंध था। बताया जा रहा है कि यह रिश्ता काफी समय से चल रहा था। इसकी भनक जब शिवनाथ को लगी तो घर में लफड़ा-झगड़ा शुरू हो गया। शिवनाथ अंदर ही अंदर गुस्से में था। रुरल एसपी गौरव गोस्मी के मुताबिक, उसने कमलेश को रास्ते से हटाने का खतरनाक फैसला कर लिया। इसके लिए उसने पत्नी और अपने साथी साहिल राजा के साथ मिलकर पूरी प्लानिंग की।
घर में की गई हत्या, फिर शुरू हुआ सबूत मिटाने का खेल
एसपी ने मीडिया के सामने खुलासा किया कि कमलेश को अनगड़ा थाना क्षेत्र के जानुम हाहे स्थित घर बुलाया गया। वहां पहले से साजिश तैयार थी। मौका मिलते ही उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद सबसे बड़ी चुनौती थी लाश को ठिकाने लगाना और पुलिस को गुमराह करना। इसके लिए संदेही गुनहगारों ने एक खतरनाक प्लान बनाया। शव को हाईवा ट्रक में लादा गया और देर रात टाटीसिल्वे के मानकीडीपा रिंग रोड के पास ले जाया गया। वहां शव को सड़क किनारे फेंका गया। फिर हत्या को सड़क हादसा दिखाने के लिए हाईवा ट्रक का अगला चक्का लाश के ऊपर चढ़ा दिया गया। आरोपियों को लगा कि पुलिस इसे एक्सीडेंट मानकर केस बंद कर देगी। लेकिन उनका यह प्लान ज्यादा देर तक नहीं चल सका।
पुलिस की सख्ती में टूट गए संदेही
लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के दबाव में आरोपी टूट गए। शिवनाथ कुमार सिंह, उसकी पत्नी अंगिता देवी और साहिल राजा ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हाईवा ट्रक, एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन से कई अहम सबूत मिले हैं। रुरल एसपी गौरव गोस्वामी क्या बता गये… देखें
रांची में पत्नी के अवैध संबंध से नाराज पति ने प्रेमी की हत्या कर दी। शव को हाईवा से कुचल सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की। रुरल SP गौरव गोस्वामी क्या बोले…#Ranchi #CrimeNews #Jharkhand #Tatishilwe #MurderMystery #BreakingNews #JharkhandNews #RanchiPolice #CrimeStory #NewsSamvad pic.twitter.com/qzP3UpG1Ox
— News Samvad (@newssamvaad) May 6, 2026
सराहनीय रही इनकी भूमिका
इस कांड को सुलझाने और संदेही गुनहगारों को दबोचने में सीनियर डीएसपी अमर कुमार पांडेय, टाटीसिलवे थानेदार हंसे उरांव, नामकुम थानेदार राम नारायण, एसआई चुड़ामणी टूडू, अनिमानंद रोशन टोप्पो, श्वेता कुमारी, संजय कुमार साव, जयदेव सराक, शशि रंजन कुमार और एएसआई बलभद्र कुमार की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : SP के ‘ड्रैगन-228’ से हिला JJMP नेटवर्क, SLR-AK47 के साथ दो धराये

