अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : अक्सर लोग शरीर को फिट रखने के लिए खानपान और एक्सरसाइज पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन दांतों की सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि अच्छी डेंटल हेल्थ सिर्फ मुस्कान के लिए नहीं, बल्कि पूरे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी मानी जाती है। आजकल खराब खानपान, ज्यादा मीठा खाना और सही तरीके से सफाई न करने की वजह से दांतों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।ऐसे में अगर शुरुआत से ही दांतों की सही देखभाल की जाए, तो कई परेशानियों से बचा जा सकता है।
हेल्दी दांतों के लिए अपनाएं ये आसान तरीके
पौष्टिक खाना खाना जरूरी
डॉक्टरों के मुताबिक दांतों को मजबूत बनाए रखने के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है। कैल्शियम और फॉस्फोरस दांतों के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं। इसके लिए दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां और मछली जैसी चीजें डाइट में शामिल की जा सकतीहैं।वहीं ज्यादा मीठी चीजें खाने से दांतों में सड़न की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए चॉकलेट, कैंडी और ज्यादा शुगर वाली चीजों से दूरी बनाकर रखना बेहतर माना जाता है।
ज्यादा पानी पीने की आदत डालें
जब हम खाना खाते हैं तो उसके छोटे-छोटे कण दांतों में फंस जाते हैं। अगर इन्हें समय पर साफ न किया जाए तो बैक्टीरिया बढ़ने लगते हैं, जिससे दांत खराब हो सकते हैं।ऐसे में ज्यादा पानी पीना फायदेमंद माना जाता है। पानी मुंह के अंदर मौजूद बैक्टीरिया और एसिड को बाहर निकालने में मदद करता है।
दिन में दो बार ब्रश करें
डेंटिस्ट सलाह देते हैं कि सुबह और रात में सोने से पहले ब्रश जरूर करना चाहिए। इससे दांत साफ रहते हैं और मुंह से बदबू आने की समस्या भी कम होती है।साथ ही सॉफ्ट ब्रिसल वाले टूथब्रश का इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है, क्योंकि हार्ड ब्रश मसूड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
समय-समय पर दांतों की जांच कराएं
कई लोग तब तक डॉक्टर के पास नहीं जाते, जब तक दर्द ज्यादा न बढ़ जाए। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित जांच कराने से दांतों की छोटी समस्याओं का पता पहले ही चल जाता है।इससे कैविटी, मसूड़ों की बीमारी और दूसरी दिक्कतों का समय रहते इलाज हो सकता है।
फ्लोराइड वाले प्रोडक्ट्स का करें इस्तेमाल
फ्लोराइड एक ऐसा मिनरल है जो दांतों की बाहरी परत यानी इनेमल को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसलिए फ्लोराइड टूथपेस्ट और माउथवॉश इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।जरूरत पड़ने पर डेंटिस्ट फ्लोराइड ट्रीटमेंट की भी सलाह दे सकते हैं।
विटामिन D की कमी से पीले हो सकते हैं दांत
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक शरीर में विटामिन D की कमी होने पर दांत पीले पड़ सकते हैं। दरअसल विटामिन D शरीर में कैल्शियम को सही तरीके से एब्जॉर्ब करने में मदद करता है।अगर शरीर में इसकी कमी हो जाए तो दांतों का इनेमल कमजोर होने लगता है। इसके बाद अंदर मौजूद पीला डेंटिन ज्यादा नजर आने लगता है, जिससे दांत पीले दिखाई देने लगते हैं।ऐसे में अगर नियमित ब्रश करने के बाद भी दांत पीले दिख रहे हैं, तो यह विटामिन D की कमी का संकेत हो सकता है।
शरीर के लिए क्यों जरूरी है विटामिन D
विटामिन D शरीर को स्वस्थ रखने वाला जरूरी पोषक तत्व माना जाता है। इसकी कमी से शरीर के कई अंग प्रभावित हो सकते हैं।सूरज की रोशनी विटामिन D का सबसे बड़ा स्रोत मानी जाती है। यही वजह है कि इसे “सनशाइन विटामिन” भी कहा जाता है। डॉक्टरों के मुताबिक लंबे समय तक धूप से दूर रहना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
विटामिन D की कमी से हो सकती हैं ये समस्याएं
- ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है
- चेहरे और हाथों पर समय से पहले झुर्रियां आ सकती हैं
- हड्डियों में दर्द की शिकायत हो सकती है
- मांसपेशियों में कमजोरी महसूस हो सकती है
- शरीर में थकान और कमजोरी बनी रह सकती है
- ज्यादा नींद आना और लगातार उदासी महसूस होना भी इसके लक्षण हो सकते हैं
विशेषज्ञों का कहना है कि अच्छी डेंटल हेल्थ और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित सफाई और सही लाइफस्टाइल बेहद जरूरी है।

