अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 21 से 25 मई तक राज्य के कई जिलों में तेज हवा, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। खासकर संताल परगना और उत्तर-पूर्वी इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिन में तपिश, शाम को बदला मौसम
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल रखा। कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं। वहीं शाम होते-होते कुछ जिलों में बादल छाए और हल्की बारिश भी हुई। सरायकेला में सबसे ज्यादा 6.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में दिनभर चिलचिलाती धूप रही। यहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमस के कारण लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हुई।
गढ़वा सबसे गर्म, कई जिलों में पारा 40 के पार
राज्य में गर्मी लगातार अपना असर दिखा रही है। बुधवार को गढ़वा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पलामू में 43.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जमशेदपुर में 41.8 डिग्री, बोकारो में 41.2 डिग्री, सरायकेला में 41.1 डिग्री और चाईबासा में 40.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रामगढ़ में भी पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया। राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच बना हुआ है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 23 से 25 मई के बीच कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा और हजारीबाग में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। रांची और आसपास के इलाकों में भी बादल छाने और तेज हवा चलने के आसार हैं। विभाग का कहना है कि 26 मई तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।
किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी सलाह दी गई है कि मौसम को देखते हुए खेती और फसल से जुड़े काम सावधानी के साथ करें। गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की बात यह है कि अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवा की वजह से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें : अब टिकट कन्फर्म होने की बढ़ी उम्मीद, रांची मंडल ने किया जुगाड़

