अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-33 फोरलेन पर श्रीराम चौक के आगे होटल श्याम सरोवर के पास तेज रफ्तार हेमकुंट बस ने सड़क किनारे खड़े 16 चक्का ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ब्रेकडाउन होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या बीआर 01 जीजे 3970 किसी खराबी के कारण पहले से सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान रांची की ओर से आ रही हेमकुंट बस संख्या जेएच 02 बीएस 1512 तेज गति में पहुंची और चालक नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते बस सीधे ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया।
यात्रियों में मची चीख-पुकार
हादसे के समय बस में काफी संख्या में यात्री सवार थे। टक्कर के बाद कई यात्री सीट से गिर पड़े जबकि कुछ लोग बस के अंदर फंस गए। बस के भीतर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। लोगों ने खिड़कियों और दरवाजों के जरिए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने शुरू कराया राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पीसीआर वाहन और अन्य साधनों से अस्पताल पहुंचाया। कई यात्रियों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
समय रहते टला बड़ा हादसा
यह दुर्घटना दिन के करीब 11:45 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर बस की रफ्तार और ज्यादा होती तो हादसा और भयावह हो सकता था। राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के बाद कुछ देर तक जाम
दुर्घटना के बाद एनएच-33 पर कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे को तीखी चोट, शूटर ‘नेपाली’ धराया

