अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कामता टोला कोलहवा घुटवा स्थित भैरवी नदी किनारे चल रही अवैध शराब भट्ठी पर छापेमारी कर पुलिस ने 120 लीटर महुआ शराब, करीब 600 किलो जावा महुआ और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई सामान जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार लोग मौके से भाग निकले।
सुबह 5 बजे पुलिस ने मारा छापा
रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि भैरवी नदी किनारे बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बनाई गई और रविवार सुबह करीब 5 बजे छापेमारी की गई। पुलिस की गाड़ियों को देखते ही वहां मौजूद शराब कारोबारी भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी दशरथ महतो (27 वर्ष), निवासी सिकनी, थाना रजरप्पा, जिला रामगढ़ को पकड़ लिया। बाकी चार लोग अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गोला और आसपास के इलाकों में होती थी सप्लाई
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि सभी लोग मिलकर अवैध शराब भट्ठी चलाते थे। यहां तैयार होने वाली महुआ शराब को गोला और आसपास के इलाकों में बेचकर मोटी कमाई की जाती थी। जब पुलिस ने शराब से जुड़े वैध कागजात मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद गोला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
भारी मात्रा में शराब और सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में शराब और शराब बनाने का सामान जब्त किया। बरामद सामान में शामिल हैं:
- करीब 120 लीटर महुआ देशी शराब
- करीब 600 किलो जावा महुआ
- 5 बड़े एल्यूमिनियम के तसले
- 4 नल लगे ब्लू रंग के जार
- एक बड़ा और एक छोटा पुराना साइकिल
फरार कारोबारियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आलोक रंजन, इंस्पेक्टर पंकज कुमार, गोला थानेदार अभिषेक कुमार, स्वामी रंजन ओझा, कुमार प्रभात रंजन, संजय कुमार गोराई, बहादुर महतो, तहसीन अहमद, पैंथर मोबाइल दस्ता और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : 150 जवानों के साथ DC-SP ने गिरिडीह सेंट्रल जेल में मारा छापा, क्या मिला… जानें

