अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में आगामी ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखा। रविवार को डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य था कि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो और कहीं भी किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में डीसी और एसएसपी के अलावा सिटी एसपी पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी, सदर एसडीएम कुमार रजत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं महावीर मंडल, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति, पंजाबी हिंदू बिरादरी और अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य भी शामिल हुए।
लोगों ने रखे अपने सुझाव
बैठक में मौजूद लोगों ने बारी-बारी से अपनी बातें प्रशासन के सामने रखीं। कई सदस्यों ने कहा कि त्योहार के दौरान संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर नजर रखने, बिजली और पानी की निर्बाध व्यवस्था करने और साफ-सफाई बेहतर रखने की मांग भी उठी। कुछ सदस्यों ने यह भी कहा कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए ताकि माहौल खराब न हो।
डीसी बोले, सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण माहौल बनेगा
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि रांची हमेशा से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी शहर में सभी बड़े त्योहार आपसी सहयोग से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होते रहे हैं और इस बार भी प्रशासन सभी के सहयोग से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि शांति समिति, विभिन्न धार्मिक संगठनों और अखाड़ा समितियों का सहयोग हमेशा सराहनीय रहा है। प्रशासन सभी सुझावों पर गंभीरता से काम करेगा।
सोशल मीडिया पर प्रशासन का कड़ा पहरा
बैठक में डीसी ने साफ कहा कि बकरीद के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि किसी भी खबर को शेयर न करें और अगर कहीं कोई आपत्तिजनक पोस्ट दिखे तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।
एसएसपी बोले – सुरक्षा व्यवस्था रहेगी मजबूत
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि बकरीद को लेकर जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी और अधिकारी लगातार मैदान में सक्रिय रहेंगे। उन्होंने साफ कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी सतर्कता के साथ काम करेगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई होगी।
भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
बैठक के अंत में प्रशासन और सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर रांची की सामाजिक एकता को मजबूत बनाए रखें।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में डीजल चोरी की साजिश, CCL-पुलिस की रेड से मचा हड़कंप

