अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : गंगा दशहरा के मौके पर सोमवार 25 मई की शाम रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्ता मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आएगा। दामोदर और भैरवी नदी के संगम तट पर भव्य गंगा पूजन, महाआरती और देव-नद दामोदर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु, समाजसेवी, पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। संगम तट पर दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार के बीच होने वाली महाआरती को लेकर लोगों में खास उत्सुकता देखी जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देगा।
दामोदर बचाओ आंदोलन से जुड़ा है आयोजन
दामोदर बचाओ आंदोलन रजरप्पा के संयोजक पंचम चौधरी ने बताया कि यह कार्यक्रम दामोदर बचाओ आंदोलन 2026 के तहत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दामोदर नदी सिर्फ जलधारा नहीं, बल्कि इलाके की संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। ऐसे में नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान गंगा पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक महाआरती होगी। साथ ही लोगों को जल संरक्षण और नदी बचाने का संदेश भी दिया जाएगा।
2004 से चल रहा है जागरूकता अभियान
पंचम चौधरी ने कहा कि दामोदर बचाओ आंदोलन की शुरुआत वर्ष 2004 में हुई थी। तब से लेकर अब तक अलग-अलग क्षेत्रों में नदी संरक्षण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से समाजसेवी, पर्यावरणविद, जैव वैज्ञानिक और कई जागरूक नागरिक जुड़े हुए हैं। अभियान के माध्यम से लोगों को यह समझाने की कोशिश की जा रही है कि अगर नदियां सुरक्षित रहेंगी, तभी आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा।
आस्था के जरिए लोगों को जोड़ा जा रहा
आयोजकों का कहना है कि आज नदियां तेजी से प्रदूषित हो रही हैं। ऐसे में सिर्फ सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं। आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। इसी सोच के साथ गंगा दशहरा जैसे धार्मिक अवसरों पर लोगों को नदी संरक्षण से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। माना जा रहा है कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और संगम तट पर भक्ति और श्रद्धा का अनोखा दृश्य देखने को मिलेगा।
लोगों से शामिल होने की अपील
दामोदर बचाओ आंदोलन समिति ने क्षेत्र के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि मां गंगा की आरती के साथ अगर लोग नदी संरक्षण का संकल्प लें, तो यह अभियान और मजबूत होगा।
इसे भी पढ़ें : रात के अंधेरे में डीजल चोरी की साजिश, CCL-पुलिस की रेड से मचा हड़कंप

