अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : बाहर से देखने पर यह एक आम चाय की दुकान लगती थी। सुबह-शाम लोग यहां चाय पीने आते थे, गपशप होती थी और राहगीर कुछ देर रुककर आगे बढ़ जाते थे। लेकिन इसी दुकान के पीछे ऐसा गंदा धंधा चल रहा था, जिसकी भनक लगते ही पुलिस हरकत में आ गई। जब पुलिस ने दुकान पर दबिश दी तो चाय की केतली और कपों के बीच से ब्राउन शुगर और गांजा निकल आया।
चाय की दुकान या नशे का अड्डा
पुष्पानगर में स्थित इस दुकान को लेकर काफी दिनों से कानाफूसी हो रही थी। इलाके के लोगों को भी कुछ संदिग्ध गतिविधियों का अंदेशा था। बताया जाता है कि दुकान पर कुछ ऐसे चेहरे अक्सर दिखाई देते थे, जिनका चाय पीने से ज्यादा मतलब किसी और काम से था। इसी बीच पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली कि दुकान की आड़ में नशे का गंदा धंधा चल रहा है। सूचना मिलते ही मामला गंभीर हो गया और तुरंत कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई।
पुलिस की टीम पहुंची तो मच गई खलबली
एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने पूरी योजना के साथ दुकान की घेराबंदी की और अचानक छापेमारी कर दी। जैसे ही पुलिस की गाड़ियों और जवानों को लोगों ने देखा, वहां मौजूद कुछ लोगों के होश उड़ गए। कई लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ ने भीड़ में छिपने की कोशिश की तो कुछ मौके से निकल भागे। लेकिन पुलिस पहले से तैयार थी। भागने की कोशिश कर रहे दुकान संचालक अंसारूल शेख और उसके साथी सादुल शेख को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
तलाशी शुरू हुई तो खुलने लगे राज
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने दुकान और आरोपियों की तलाशी ली तो एक के बाद एक चौंकाने वाली चीजें सामने आने लगीं। पुलिस को दुकान से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर और 24 पुड़िया गांजा मिला। इसके अलावा नकद 2310 रुपये भी बरामद किए गए। सादुल शेख के पास से भी दो पुड़िया गांजा बरामद हुआ। जब्त सामग्री का वजन किया गया तो कुल 7.07 ग्राम ब्राउन शुगर और 54.73 ग्राम गांजा पाया गया। छापेमारी के दौरान मौजूद लोगों की आंखें फटी रह गईं। जिस दुकान को लोग सिर्फ चाय और नाश्ते की जगह समझते थे, वहां से नशे का सामान निकलने की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
पूछताछ में सामने आया एक और नाम
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम राज उगले। जांच के दौरान नशे की सप्लाई चेन से जुड़े एक अन्य शख्स का नाम सामने आया है। पुलिस अब उस व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो नशीले पदार्थ उपलब्ध कराता था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जेल पहुंच गए दोनों आरोपी
पुलिस ने इस मामले में मुफस्सिल थाना में कांड दर्ज किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए जाते थे, कितने दिनों से यह कारोबार चल रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : 8 साल की मासूम से दरिंदगी, 5 घंटे में आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

