अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की तैयारी तेज कर दी गई है। इसी को लेकर बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार और नगर परिषद कार्यालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने की। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीएलओ और सुपरवाइजरों को मतदाता सूची को सही, साफ और अपडेट रखने के लिए जरूरी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गलती न रहे, इसके लिए घर-घर जाकर सत्यापन का काम गंभीरता से करना होगा।
घर-घर जाकर करेंगे मतदाताओं का सत्यापन
प्रशिक्षण में बीएलओ को बताया गया कि वे अपने क्षेत्र के सभी मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। इसके तहत गणना प्रपत्रों का सही तरीके से संकलन और जांच करना, नए मतदाताओं का नाम जोड़ना, मृत या दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं के नाम हटाना और मतदाता सूची में मौजूद गलतियों को सुधारना शामिल है। अधिकारियों ने कहा कि बीएलओ की जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे सीधे मतदाताओं से जुड़कर काम करते हैं। उनके द्वारा जुटाई गई सही जानकारी के आधार पर ही मतदाता सूची को बेहतर बनाया जा सकता है।

निष्पक्ष चुनाव के लिए सही मतदाता सूची जरूरी
इस मौके पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत नींव है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना बहुत जरूरी है। उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों से कहा कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें और तय समय के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी योग्य व्यक्ति का नाम छूटना नहीं चाहिए और गलत जानकारी को समय पर ठीक किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण से काम को मिलेगी गति
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को SIR-2026 से जुड़े सभी चरणों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उन्हें काम के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान और सही तरीके से रिकॉर्ड तैयार करने के बारे में भी बताया। प्रशिक्षण के बाद अब बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम करेंगे। जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि सभी कर्मियों के बेहतर समन्वय से पाकुड़ जिले में मतदाता सूची को और अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में मौ’त उगलती सुरंगें, फलता-फूलता माफिया नेटवर्क और लुटता खजाना… जानें

