अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : उत्तर बिहार में लगातार नीचे खिसकते पानी के स्तर को सुधारने के लिए सरकार ने एक नई और अनोखी पहल शुरू की है। अब बरसात और सतह पर बहने वाले पानी को साफ करके सीधे जमीन की गहरी परतों तक पहुंचाया जाएगा। इस योजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिले से हो रही है। योजना को जमीन पर उतारने के लिए पटना में शुक्रवार को एक बड़ा समझौता हुआ। इसमें केंद्रीय भूमि जल बोर्ड, बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग और सरकारी एजेंसी वैपकॉस (WAPCOS) ने हाथ मिलाया है।
इंजेक्शन वेल से जमीन की गहराई तक जाएगा पानी
केंद्रीय भूमि जल बोर्ड और राज्य सरकार के अध्ययनों में यह बात सामने आई है कि उत्तर बिहार के इन इलाकों में जमीन के काफी नीचे मौजूद चट्टानों और रेतीली परतों (डीप एक्विफर्स) में पानी सोखने और सहेजने की अच्छी क्षमता है। नई तकनीक के तहत इन दोनों जिलों में विशेष किस्म के ‘इंजेक्शन वेल’ बनाए जाएंगे। सामान्य कुएं जहां जमीन से पानी खींचने के काम आते हैं, वहीं यह वेल उलटा काम करेंगे। सतह पर मौजूद पानी को पहले पूरी तरह फिल्टर और साफ किया जाएगा, फिर पाइपों के जरिए सीधे जमीन के गहरे जलस्रोतों में उतार दिया जाएगा। इससे आने वाले सालों में भूजल स्तर में तेजी से सुधार होने की उम्मीद है।
तैयार होने के बाद बिहार सरकार संभालेगी कमान
इस पूरी परियोजना की निगरानी लघु जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में तय की गई। योजना के तहत निर्माण का जिम्मा केंद्रीय भूमि जल बोर्ड ने वैपकॉस कंपनी को सौंपा है। वैपकॉस इन दोनों जिलों में तय जगहों पर कृत्रिम पुनर्भरण संरचनाएं बनाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने और सिस्टम ठीक से काम करने के बाद इसे पूरी तरह से बिहार के लघु जल संसाधन विभाग को सौंप दिया जाएगा, ताकि आगे चलकर स्थानीय स्तर पर इसकी देखरेख और संचालन में कोई परेशानी न आए।
आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित होगा पेयजल
इस पहल का सीधा फायदा आम लोगों को साफ पेयजल की उपलब्धता के रूप में मिलेगा। अक्सर देखा जाता है कि गर्मियों के दिनों में चापाकलों और बोरिंग से पानी आना कम या बंद हो जाता है। इस तरह के वैज्ञानिक प्रयोग से जमीन के नीचे पानी का एक मजबूत प्राकृतिक भंडार तैयार होगा, जो सूखे या कम बारिश के मौसम में भी काम आएगा। इस मौके पर नई दिल्ली से आए केंद्रीय भूमि जल बोर्ड के सदस्य डॉ. प्रवीण नायक, पटना के क्षेत्रीय निदेशक राजीव रंजन शुक्ला, वैपकॉस के उप मुख्य अभियंता सुधीर कुमार और विभाग के अभियंता प्रमुख सुनील कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम सम्राट ने मंत्री कुमार शैलेंद्र के पिता को दी श्रद्धांजलि, परिजनों का बंधाया ढांढस


