अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कमाई का नया रिकॉर्ड बनाने की खबरों के बीच जबरदस्त सुर्खियां बटोरी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने अपनी सुपरहिट फिल्म धुरंधर और उसके दूसरे भाग से जुड़े एक ही प्रोजेक्ट के जरिए करीब 325 करोड़ रुपये की कमाई की है। अगर यह आंकड़ा सही साबित होता है तो यह किसी भारतीय अभिनेता द्वारा एक प्रोजेक्ट से हासिल की गई सबसे बड़ी कमाई मानी जाएगी। हालांकि, इस रकम की आधिकारिक पुष्टि रणवीर सिंह या फिल्म निर्माताओं की ओर से नहीं की गई है।
फीस नहीं, प्रॉफिट शेयरिंग से हुई रिकॉर्ड कमाई
रिपोर्ट्स के अनुसार रणवीर सिंह ने इस फिल्म के लिए पारंपरिक फीस लेने के बजाय प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल अपनाया। यानी उन्होंने तय रकम लेने के बजाय फिल्म की कमाई में हिस्सेदारी ली। बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट बढ़ने पर रणवीर ने इसमें आर्थिक निवेश भी किया, जिससे उनकी हिस्सेदारी और बढ़ गई। यही फैसला उनके लिए सबसे बड़ा फायदे का सौदा साबित हुआ।
दुनियाभर में छा गई ‘धुरंधर’
बताया जा रहा है कि धुरंधर के दोनों भागों ने मिलकर दुनिया भर में करीब 3200 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 1900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। थिएटर कलेक्शन के अलावा ओटीटी, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स से हुई आय ने भी फिल्म की कुल कमाई में बड़ा योगदान दिया। इन्हीं सभी स्रोतों से रणवीर की हिस्सेदारी करीब 325 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
बड़े सितारों की सूची में पहुंचे रणवीर
इस रिकॉर्ड कमाई के बाद रणवीर सिंह का नाम उन चुनिंदा भारतीय सितारों में शामिल हो गया है, जिन्होंने प्रॉफिट शेयरिंग के जरिए भारी कमाई की है। ट्रेड रिपोर्ट्स में उनकी तुलना शाहरुख खान, रजनीकांत, प्रभास और अल्लू अर्जुन जैसे सितारों से की जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में कई बड़े कलाकार भी तय फीस की बजाय प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल को प्राथमिकता दे सकते हैं।
इंडस्ट्री में शुरू हुई नई चर्चा
रणवीर सिंह की इस कथित रिकॉर्ड कमाई ने बॉलीवुड में नई बहस छेड़ दी है। फिल्म कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि सफल फिल्मों में प्रॉफिट शेयरिंग का मॉडल कलाकारों और निर्माताओं दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि इसमें जोखिम भी उतना ही होता है, क्योंकि फिल्म के प्रदर्शन पर ही कलाकार की कमाई निर्भर करती है। धुरंधर की सफलता ने यह दिखाया है कि सही रणनीति अपनाने पर अभिनेता पारंपरिक फीस से कहीं अधिक कमाई कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : यूपी भाजपा में बड़ा फेरबदल, राजनाथ सिंह के बेटे को बड़ी जिम्मेदारी

