अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : झारखंड के चतरा जिले में पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच बुधवार को एनकाउंटर हो गया। टंडवा थाना क्षेत्र में हुई इस गोलीबारी के दौरान पुलिस की गोली लगने से गैंग का शूटर आनंद कुमार जख्मी हो गया। चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी ने इस एनकाउंटर की पुष्टि की है। पुलिस ने घायल शूटर को अपनी हिरासत में ले लिया है और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के कुछ अपराधी टंडवा थाना क्षेत्र में इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और छापामारी अभियान शुरू किया। खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई इस गोलीबारी में गैंग के शूटर आनंद कुमार को गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है ताकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों को पकड़ा जा सके।
दो रोज पहले हजारीबाग में भी हुआ था एनकाउंटर
राहुल दुबे गैंग के खिलाफ पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे महज दो दिन पहले सोमवार को हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में भी पुलिस और इसी गैंग के अपराधियों के बीच आमना-सामना हुआ था। डांटोखुर्द के पास रेबर गांव स्थित चरेवा टांड में हुए उस एनकाउंटर में पुलिस की गोली से दो अपराधी घायल हुए थे। उनकी पहचान हजारीबाग के पदमा निवासी दीप नारायण भगत और चतरा के नगवां निवासी राहुल कुमार रॉकी के रूप में हुई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था। हजारीबाग के बाद अब चतरा पुलिस की इस कार्रवाई से गैंग को बड़ा झटका लगा है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने की घटना की पुष्टि
चतरा पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जख्मी शूटर आनंद कुमार का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई को लेकर चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच एनकाउंटर हुआ है, जिसमें गैंग का एक सदस्य घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है और जल्द ही इस पूरे अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : नवजात की मौ’त पर नर्सिंग होम में बवाल, रात भर तड़पती रही प्रसूता…




