अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Munger : सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार की पंचायतों को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने ऐलान किया कि अब राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में हर महीने के आखिरी रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ मनाया जाएगा। इस दिन पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी और गांव के लोग एक साथ बैठेंगे, विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा करेंगे और गांव की जरूरतों के हिसाब से आगे की योजना बनाएंगे। रविवार को मुंगेर जिले के टेटिया बम्बर प्रखंड की टेटिया ग्राम पंचायत में पंचायत विकास दिवस की शुरुआत करते हुए सीएम ने कहा कि अगर बिहार को समृद्ध बनाना है तो सबसे पहले गांवों और पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब गांव मजबूत होंगे और पंचायतें अपने विकास की जिम्मेदारी खुद उठाएंगी।
हर महीने गांवों में होगी विकास की बैठक
सीएम ने कहा कि अब साल में सिर्फ एक-दो बार नहीं, बल्कि पूरे 12 महीने पंचायतों में विकास पर चर्चा होगी। हर महीने आखिरी रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया जाएगा और हर बार अलग विषय चुना जाएगा। गांव के लोग अपनी समस्याएं बताएंगे, पंचायत प्रतिनिधि सुझाव देंगे और अधिकारी उनके समाधान की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पंचायतों में विकास योजनाओं की निगरानी भी बेहतर होगी और लोगों की भागीदारी भी बढ़ेगी।
#PanchayatVikasDiwas #विकसित_भारत #समृद्ध_बिहार #MannKiBaat #munger #NDA4Bihar #NewBihar pic.twitter.com/thPZ2g1p4v
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 28, 2026
पहली थीम महिला हितैषी पंचायत
सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि पहले पंचायत विकास दिवस की थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखी गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। जीविका दीदियों को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ-साथ पंचायतों में महिलाओं की भूमिका भी और मजबूत की जाएगी।
सहयोग शिविर की तरह मिलेगा फायदा
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार पहले से ही महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर चला रही है, जहां लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। उन्होंने बताया कि अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा आवेदनों का निपटारा हो चुका है। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस भी उसी तरह काम करेगा। फर्क सिर्फ इतना होगा कि यहां व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ पूरे गांव और पंचायत के विकास पर चर्चा होगी।
गांवों में ही बेहतर शिक्षा देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर प्रखंड में मॉडल स्कूल खोलने जा रही है। इन स्कूलों में ऐसी पढ़ाई होगी कि लोग निजी स्कूल छोड़कर अपने बच्चों का दाखिला सरकारी मॉडल स्कूलों में कराना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने पटना के मिलर हाई स्कूल का निरीक्षण किया और अब दूसरे स्कूलों का भी दौरा कर रहे हैं ताकि सरकारी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। इसके साथ ही 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जाने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इससे गांव के छात्रों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
मुंगेर जिले के टेटियाबम्बर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत टेटिया से “पंचायत विकास दिवस” का शुभारंभ किया।
इस दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का हजारों-हजार जनसमूह के साथ सामूहिक श्रवण भी किया।
अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पूरे बिहार… pic.twitter.com/JO9NrBdMZL
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 28, 2026
गांवों में ही मिलेगा बेहतर इलाज
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की कोशिश है कि 15 अगस्त से ऐसी व्यवस्था लागू हो जाए, जिससे अनुमंडल और जिला अस्पतालों में ही मरीजों का बेहतर इलाज हो सके। इससे लोगों को बड़े शहरों के अस्पतालों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दे रही है। आने वाले समय में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि लोगों को लंबे समय तक सस्ती और भरोसेमंद बिजली मिल सके।
अपराधियों पर सख्ती जारी रहेगी
सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी हाल में कानून का राज कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
केंद्र और राज्य की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के लिए आवास और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम हुआ है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत अभियान के तहत आने वाले वर्षों में बिहार को बड़ी आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है, जिससे गांवों के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में भी बड़ी संख्या में लोगों को पक्का मकान मिला और अब सरकार विकसित भारत और समृद्ध बिहार के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए पंचायतों को सबसे मजबूत इकाई बनाने पर काम कर रही है।
जनता का जताया आभार
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने तारापुर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोगों ने उन्हें बड़े अंतर से जीत दिलाकर विधानसभा भेजा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह क्षेत्र के विकास और जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी एनकाउंटर पर पहली बार बोले सीएम सम्राट… जानें क्या

