अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र से ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सिंधी पाड़ा जैन गली की रहने वाली मोनी लखमानी नाम की महिला शातिर ठगों का शिकार हो गईं। ठगों ने महिला को अपनी बातों के जाल में ऐसा उलझाया कि उन्होंने खुद ही अपने गहने उनके हवाले कर दिए। यह पूरी वारदात शुक्रवार को उस समय हुई जब मोनी सुबह की सैर करके घर लौट रही थीं।
बातों के जाल में फंसाया और फिर पानी मंगाने के बहाने किया सम्मोहित
मोनी लखमानी रोज की तरह अपनी स्कूटी से मिशन स्कूल मैदान में वॉक करने गई थीं। वहां से जब वह वापस लौटकर अपने घर के पास पहुंचीं, तभी एक अनजान शख्स ने उन्हें रोक लिया और किसी का पता पूछने लगा। मोनी अभी उसे रास्ता बता ही रही थीं कि तभी वहां एक दूसरा आदमी भी आ धमका और पहले वाले से बात करने लगा।
पहले शख्स ने खुद को ऋषिकेश से आया हुआ बताया और दावा किया कि वह लोगों का भाग्य देखता है। उसने दूसरे आदमी को लेकर कुछ ऐसी बातें कहीं कि सामने वाले को उसकी शक्तियों पर पूरा भरोसा हो गया। यह सब देखकर मोनी भी उनकी बातों में आ गईं। इसी बीच ठगों ने मोनी से पीने के लिए पानी मांगा। उसने शर्त रखी कि वह किसी के घर का पानी नहीं पीता, उसे दुकान से बंद बोतल का पानी चाहिए। मोनी उन दोनों की मदद करने के लिए पास की एक दुकान पर चली गईं।
भगवान का नाम लेकर 80 कदम चलने को कहा और गहने लेकर हुए फरार
दुकान पर पहुंचते ही ठगों ने मोनी पर अपना जादू चला दिया। मोनी के मुताबिक, ठगों ने उन्हें कुछ इस तरह सम्मोहित किया कि वह पूरी तरह उनके वश में आ गईं। ठगों ने बड़ी चालाकी से उनके गले में पहनी सोने की चेन और हाथ का सोने का कंगन उतरवा लिया। गहने हाथ में आते ही ठगों ने मोनी से कहा कि अब आप भगवान का नाम लीजिए और सीधे अपने घर की तरफ 80 कदम चलिए, लेकिन ध्यान रहे कि पीछे मुड़कर बिल्कुल नहीं देखना है।
मोनी उस समय उनके प्रभाव में इतनी खोई हुई थीं कि उन्होंने बिल्कुल वैसा ही किया। वह चुपचाप सीधे कदम बढ़ाने लगीं। जब वह 80 कदम चलने के बाद रुकीं और पीछे मुड़कर देखा, तो उनके होश उड़ गए। दोनों ठग वहां से गायब हो चुके थे। बताया जा रहा है कि मोड़ पर दो मोटरसाइकिलों के साथ उनके दो साथी पहले से तैयार खड़े थे, जिन पर बैठकर वे सब रफूचक्कर हो गए।
इस घटना के बाद से पीड़ित महिला बेहद डरी और सहमी हुई हैं। राहत की बात यह है कि यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के वक्त महिला के पति शहर से बाहर थे, जिसकी वजह से पुलिस में तुरंत लिखित शिकायत नहीं की जा सकी। हालांकि, अब थाने में आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ठगों की तलाश में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें : कोयले की कालिख के बीच ‘फाइव-स्टार’ रेटिंग के साथ चमके CCL के तीन सितारे

