अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। रविवार सुबह नगड़ी थाना क्षेत्र के नारो बाजार टांड़ में दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स को निशाना बनाकर बदमाश लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना के बाद इलाके के स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत के साथ भारी नाराजगी भी है।
जानकारी के मुताबिक राधे कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार सोनी रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। वे अपनी बाइक की डिक्की में दुकान के लिए सोने-चांदी के आभूषण लेकर आए थे। दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर जैसे ही वे ताला खोलने लगे, उसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने कुछ ही सेकंड में बाइक की डिक्की तोड़ी, गहनों से भरा बैग निकाला और पिस्का रेलवे फाटक की ओर तेजी से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी घटना इतनी फुर्ती से हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। जब तक लोगों को समझ में आता कि क्या हुआ है, तब तक दोनों अपराधी काफी दूर निकल चुके थे।

मौके पर पहुंची पुलिस, आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही इलाके में आने-जाने वाले रास्तों की भी जांच की जा रही है।
स्वर्ण व्यवसायियों में आक्रोश, संगठन ने जताई चिंता
घटना की खबर मिलते ही अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी के नेतृत्व में संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित व्यवसायी अमित कुमार सोनी से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उनका हौसला बढ़ाया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल नगड़ी थाना पहुंचा, जहां थाना प्रभारी से मुलाकात कर जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की गई।

‘लगातार बढ़ रही घटनाएं चिंता का विषय’
प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने कहा कि राज्य में स्वर्ण व्यवसायियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। चोरी, लूट और डकैती जैसी घटनाओं से कारोबारियों में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
ये रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में रांची महानगर महामंत्री त्रिभुवन प्रसाद, प्रदेश महामंत्री मनोज सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश प्रसाद सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, बबलू सोनी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय स्वर्ण व्यवसायी शामिल थे। अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड के प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील पोद्दार ने बताया कि संगठन इस मामले की लगातार निगरानी करेगा और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद रखता है।
इसे भी पढ़ें : रांची में स्वर्णकार समाज की हुंकार, एक मंच पर दिखी ताकत

