अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : बेड़ो थाना क्षेत्र के चर्चित रविन्द्र मुंडा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। हत्या के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास मुंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां भी बरामद हुई हैं। रूरल एसपी गौरव गोस्वामी का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी बता दी है। अब मामले के बाकी पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है।
9 जुलाई को अखड़ा के पास मारी गई थी गोली
यह घटना 9 जुलाई की है। बेड़ो थाना क्षेत्र के मधुपुर अखड़ा के पास घाघरा बरटोली के रहने वाले 26 वर्षीय रविन्द्र मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के देखरेख में बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई। टीम ने लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।
इलाके में धाक जमाने के लिए करना चाहता था फायरिंग
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह इलाके में अपनी धाक जमाने और लोगों में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करना चाहता था। इसी दौरान रविन्द्र मुंडा ने उसे ऐसा करने से रोका। बात बढ़ी और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में रविन्द्र मुण्डा पर गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का मानना है कि मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते एक युवक की जान ले ली।
आरोपी की निशानदेही पर मिला हथियार
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को लेकर उस जगह पहुंची, जहां उसने हथियार छिपा रखा था। वहां से हत्या में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर 220 और होंडा शाइन मोटरसाइकिल पहले ही जब्त की जा चुकी है।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी विकासमहतो और विजय मुंडा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ रही है और यह भी पता लगा रही है कि घटना की पहले से कोई साजिश थी या नहीं।
पुराने मामलों में भी रहा है आरोपी का नाम
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी विकास मुंडा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2023 में हत्या के एक मामले में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस उसके पुराने मामलों को भी खंगाल रही है।
रांची के चर्चित रविन्द्र मुंडा हत्याकांड में मुख्य आरोपी विकास मुंडा गिरफ्तार, देशी पिस्टल और 3 जिंदा गोलियां बरामद। रूरल एसपी गौरव गोस्वामी क्या बोले…#Ranchi #Jharkhand #RavindraMunda #VikasMunda #Bedo #RanchiPolice #CrimeNews #JharkhandNews #TodayNews #NewsSamvad pic.twitter.com/9ZPc9HMYiZ
— News Samvad (@newssamvaad) July 17, 2026
छापेमारी में कई अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार, इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय, थानेदार कफील अहमद, उत्तम कुमार पासवान, अनिल टोप्पो, शौकत अली समेत बेड़ो थाना और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।
एसपी गौरव गोस्वामी का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई अहम जानकारियां मिली हैं। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में किसी और की भूमिका तो नहीं थी। जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : पतरातू डैम में बढ़ा रोमांच, अब पानी के बीच डिनर और शाम को म्यूजिकल फाउंटेन का मजा

