अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की मेजबानी के लिए रांची पूरी तरह तैयार है। मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में इस बड़े आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक महकमे ने अपनी ताकत झोंक दी है। स्टेडियम परिसर में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस बैठक में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अफसरों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाया और पूरे इंतजाम का जायजा लिया।
समय पर पहुंचें ड्यूटी पॉइंट, आम दर्शकों से रखें विनम्र व्यवहार : DC
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप जैसे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना रांची शहर के लिए बड़े गर्व की बात है। ऐसे में देश-दुनिया से आने वाले खिलाड़ियों, अतिथियों और स्थानीय दर्शकों को एक सुरक्षित और बेहतर अनुभव देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपनी ड्यूटी के तय समय से काफी पहले अपने-अपने पॉइंट पर पहुंच जाएं और वहां की व्यवस्थाओं का खुद जायजा लें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि स्टेडियम आने वाले आम दर्शकों के साथ किसी भी सूरत में बदसलूकी न हो और पुलिस-प्रशासन का रवैया हमेशा मददगार और विनम्र रहे। इसके साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, पीने के पानी, रोशनी, पार्किंग और बैरिकेडिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं पर लगातार नजर रखने को कहा ताकि किसी भी दर्शक को कोई परेशानी न झेलनी पड़े।
हर गेट पर होगी कड़ी चेकिंग, बिना इजाजत ड्यूटी छोड़ने पर होगी कार्रवाई : SSP
सुरक्षा के मोर्चे पर बात करते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि मैच के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी जवानों और अधिकारियों को अनुशासन में रहकर काम करने की हिदायत दी और कहा कि कोई भी कर्मी बिना अनुमति के अपना ड्यूटी पॉइंट छोड़कर नहीं हटेगा। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए स्टेडियम के हर प्रवेश द्वार पर दर्शकों की कड़ी सुरक्षा जांच की जाएगी और किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। एसएसपी ने ट्रैफिक मैनेजमेंट, खिलाड़ियों के आवागमन वाले रास्तों और वीआईपी गैलरी की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्लान साझा किया। उन्होंने कंट्रोल रूम के साथ लगातार संपर्क में रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत साझा करने का निर्देश दिया।
सेक्टर में बंटा पूरा स्टेडियम, सेना के अधिकारी भी रहे मौजूद
पूरे आयोजन को सुचारू रूप से चलाने के लिए मोरहाबादी स्टेडियम को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया है और हर सेक्टर की जिम्मेदारी अलग-अलग अफसरों को सौंपी गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। इस ब्रीफिंग के दौरान अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, सदर एसडीएम के साथ-साथ भारतीय सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक सुर में कहा कि सभी विभाग एक टीम की तरह मिलकर काम करेंगे ताकि यह ऐतिहासिक खेल आयोजन रांची में पूरी तरह सुरक्षित, भव्य और यादगार बन सके।
इसे भी पढ़ें : रांची में आज गूंजेगा फुटबॉल का रोमांच, 135वें डूरंड कप के आगाज से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद

