अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa : गढ़वा जिले के कांडी में शिक्षक के तबादले को लेकर छात्रों का आंदोलन गुरुवार को अचानक हिंसक हो गया। पिछले तीन दिनों से अपने शिक्षक का तबादला रोकने की मांग कर रहे छात्र सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे। गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान मामला इतना बिगड़ गया कि छात्रों ने सड़क जाम कर दिया। उन्हें समझाने पहुंचे प्रखंड प्रमुख पिंकू पांडेय से विवाद हो गया। इसके बाद छात्रों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति बिगड़ती देख प्रमुख वहां से निकलकर कांडी थाना पहुंच गए। इसके बाद आक्रोशित छात्र थाना के पास भी पहुंच गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक पुलिस जवान के सिर में पत्थर लग गया, जिससे उसका सिर फट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति को संभालने में जुट गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर भेजा जा रहा है।
शिक्षक के तबादले से शुरू हुआ पूरा विवाद
दरअसल, कांडी थाना के पास स्थित +2 हाई स्कूल के शिक्षक मलय सिंह का तबादला कर दिया गया है। शिक्षक के तबादले की जानकारी मिलने के बाद स्कूल के छात्र नाराज हो गए। छात्रों का कहना है कि वे शिक्षक का तबादला नहीं चाहते हैं। इसी मांग को लेकर छात्र पिछले तीन दिनों से आंदोलन कर रहे थे। शुरुआत में छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। छात्र शिक्षक का तबादला रोकने की मांग को लेकर स्कूल के आसपास और सड़क पर जुट रहे थे। गुरुवार को छात्रों ने सड़क जाम कर दिया। उनका कहना था कि जब तक शिक्षक का तबादला वापस नहीं लिया जाता, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
प्रमुख समझाने पहुंचे तो बिगड़ गई बात
सड़क जाम की सूचना के बाद प्रखंड प्रमुख पिंकू पांडेय छात्रों को समझाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर छात्रों और प्रमुख के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि प्रमुख ने एक छात्र को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वहां मौजूद छात्र और ज्यादा आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते छात्रों ने प्रमुख की गाड़ी को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर प्रमुख वहां से निकलकर कांडी थाना पहुंचे। उन्होंने थाना में जाकर शरण ली। लेकिन कुछ ही देर में आंदोलन कर रहे छात्र भी थाना के पास पहुंच गए। छात्रों ने थाना पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में भी अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक पुलिस जवान के सिर में पत्थर लग गया और वह घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभालने की कोशिश की।
सड़क जाम कर अब भी तबादला रोकने की मांग
हिंसा के बाद भी छात्र शिक्षक का तबादला रोकने की मांग पर अड़े हुए हैं। छात्रों का कहना है कि उनके शिक्षक का ट्रांसफर वापस लिया जाए। साथ ही घटना के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर भी वे अपनी मांग रख रहे हैं। छात्रों ने सड़क पर जाम लगा रखा है, जिससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीपीओ दिलू लोहरा ने बताया कि घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से छात्रों को समझाने और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : RPF बैंड की धुन छिड़ी और स्टेशन पर थम गये मुसाफिरों के बढ़ते कदम… देखें वीडियो











