अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : नेपाल में अचानक आई फ्लैश फ्लड के बीच काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के करीब 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार ने सुरक्षित निकाल लिया। महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर बिहार सरकार ने सभी तीर्थयात्रियों को नेपाल सीमा से सुरक्षित एस्कॉर्ट कर पहले सीतामढ़ी पहुंचाया। यहां उनके खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था की गई। इसके बाद शुक्रवार देर रात सभी यात्रियों को पटना लाया गया। शनिवार सुबह रेलवे के सहयोग से उनके लिए अतिरिक्त बोगियों की व्यवस्था कर उन्हें महाराष्ट्र के लिए रवाना कर दिया गया।
बिहार सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश और मुख्य सचिव तथा आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव की निगरानी में इस पूरे रेस्क्यू अभियान को अंजाम दिया गया। आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने 28 अगस्त को नेपाल सीमा पर पहुंचकर तीर्थयात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अचानक आई बाढ़ के कारण नेपाल में कई जगह हालात बिगड़ गए थे। ऐसे में यात्रियों को बिना किसी परेशानी के बिहार लाना प्रशासन के लिए प्राथमिकता थी।

नेपाल सीमा से सीतामढ़ी पहुंचे, फिर पटना लाया गया
सीतामढ़ी पहुंचने के बाद सभी तीर्थयात्रियों को राहत दी गई। जिला प्रशासन की ओर से उनके लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई। यात्रियों की जरूरतों का ध्यान रखते हुए अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन की टीम लगातार उनके साथ रही, ताकि नेपाल से निकलने के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके बाद 29 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी से पटना लाया गया। पटना जिला प्रशासन ने उन्हें ओपी साह सामुदायिक भवन में ठहराया। यहां रात में ही भोजन और रहने की व्यवस्था की गई। यात्रियों की चिकित्सा जांच भी कराई गई। प्रशासन ने उनकी जरूरत के मुताबिक अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं।

रेलवे से समन्वय कर दो अतिरिक्त बोगियां जोड़ी गईं
तीर्थयात्रियों को महाराष्ट्र भेजने के लिए बिहार सरकार ने रेलवे से भी समन्वय किया। मुख्य सचिव के स्तर से रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के अध्यक्ष से बातचीत कर पटना पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियां जोड़ने की व्यवस्था की गई। इसके बाद शनिवार 29 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए रवाना कर दिया गया।
नेपाल में मुश्किल हालात के बीच सुरक्षित बिहार पहुंचने और फिर अपने घर जाने की व्यवस्था होने से तीर्थयात्रियों ने राहत की सांस ली। ट्रेन से रवाना होने के दौरान यात्रियों ने बिहार सरकार और सीतामढ़ी तथा पटना जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में जिस तरह प्रशासन ने उन्हें नेपाल सीमा से सुरक्षित निकालकर भोजन, ठहरने और इलाज की व्यवस्था की, उससे उन्हें काफी मदद मिली। यात्रियों ने बिहार सरकार की तत्परता और प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
इसे भी पढ़ें : खत्म हुआ घंटों का झंझट, सीएम सम्राट ने दिया दो बड़े पुल प्रोजेक्ट्स का तोहफा



